
इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से सोने की ट्रेडिंग में बड़ी रुकावट आई है। इसके नतीजे में दुबई में यह कीमती धातु भारी डिस्काउंट पर बेची जा रही है। जी हां, दुबई में गोल्ड डिस्काउंट पर मिल रहा है। इस लड़ाई की वजह से फ्लाइट्स रुक गई हैं और सप्लायर्स के लिए दुबई के ट्रेडिंग हब से बुलियन ट्रांसपोर्ट करना मुश्किल हो गया है। इस वजह से, ट्रेडर्स लंदन में ग्लोबल बेंचमार्क कीमत पर $30 प्रति औंस तक का डिस्काउंट दे रहे हैं।
कितना है दुबई में गोल्ड का दाम?
आज 8 मार्च को सुबह दुबई में गोल्ड का दाम 5,173.73 डॉलर (4,75,675 रुपये) प्रति औंस है। एक औंस में 28.34 ग्राम होते हैं। 5,173.73 डॉलर के रेट पर 30 डॉलर (2758 रुपये) तक का डिस्काउंट मिल रहा है।
नए ऑर्डर देने में हिचकिचा रहे खरीदार
शिपिंग और इंश्योरेंस का अधिक खर्च और समय पर डिलीवरी की अनिश्चितता बढ़ गई है, जिस वजह से, कई खरीदार नए ऑर्डर देने में हिचकिचा रहे हैं। भारी स्टोरेज और फाइनेंसिंग का खर्च उठाने के बजाय, व्यापारी सोने की कीमतों पर डिस्काउंट दे रहे हैं।
यह दुबई में चल रहे संघर्ष के असर के बावजूद बिक्री को बढ़ावा देने की एक स्ट्रेटेजी है, जो पूरे एशिया में बुलियन की रिफाइनिंग और एक्सपोर्ट का एक बड़ा हब है।
गोल्ड मार्केट में दुबई की अहमियत
UAE, खासकर दुबई, एशियाई खरीदारों के लिए सोना रिफाइन करने और एक्सपोर्ट करने का एक बड़ा हब है। दुबई स्विट्जरलैंड, UK और कई अफ्रीकी देशों से शिपमेंट के लिए एक ट्रांजिट पॉइंट भी है। मगर मौजूदा संघर्ष की वजह से ईरानी मिसाइल हमलों के कारण दुबई का एयरस्पेस थोड़ा बंद हो गया है। इससे ट्रेड ऑपरेशन और मुश्किल हो गए हैं और दुबई से सोने के शिपमेंट में देरी हुई है।
यही कारण है कि अब वहां सोने पर डिस्काउंट दिया जा रहा है।
भारत पर क्या असर?
कई कार्गो शिपमेंट में देरी या रुकावट की वजह से भारत में फिजिकल बुलियन की अवेलेबिलिटी में शॉर्ट-टर्म दिक्कत आई है। हालांकि, यहां खरीदार इंतजार कर सकते हैं क्योंकि शॉर्ट-टर्म डिमांड काफी कम है और जनवरी में अधिक इंपोर्ट होने की वजह से इन्वेंट्री ज्यादा है।
अगर यह स्थिति कुछ महीनों तक बनी रहती है, तो इससे सोने की सप्लाई और प्राइसिंग में दिक्कतें आ सकती हैं।