बिहार: अनंत सिंह ने ली विधायक पद की शपथ…

मोकामा के बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण के मौके पर विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह
विधायक अनंत सिंह ने कोट-पैंट पहन रखा था। गले में माला पहने हुए तथा माथे पर टीका लगाए पहुंचे। अनंत सिंह ने शपथ पत्र पढ़े बिना ही विधायक पद की शपथ ली। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास जाकर उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान सदन में बैठे अन्य सदस्य मुस्कुराते दिखाई दिए। इसके बाद वे वापस जेल वाहन में बैठ गए।

तेजस्वी यादव पर कसा तंज
विधानसभा परिसर से रवाना होने से पहले उन्होंने बाहर मौजूद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की। कुछ समय के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से जुड़े रहे सिंह ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, “उनकी राजनीतिक हैसियत खत्म हो चुकी है। अगली बार उन्हें किसी और पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ना पड़ सकता है।”

दुलारचंद यादव हत्याकांड में पिछले तीन महीनों से बेऊर जेल में बंद
अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में पिछले तीन महीनों से बेऊर जेल में है। बिहार विधानसभा के 243 सदस्यों में अब तक 242 विधायक शपथ ले चुके हैं। वही अनंत सिंह अकेले बचे थे जिन्हें आज शपथ दिलाई गई। पटना सिविल कोर्ट से विशेष अनुमति मिलने के बाद ही उनका शपथ ग्रहण करवाया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से विधानसभा पहुंचे। अनंत सिंह के शपथ ग्रहण को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

मोकामा सीट पर RJD की वीणा देवी को हराया था
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार आर्टिकल-188 के तहत विधायक के रूप में वेतन और भत्ते प्राप्त करने के लिए शपथ लेना अनिवार्य है। जानकारी हो कि अनंत सिंह ने मोकामा सीट पर राजद की वीणा देवी को 28,206 मतों के भारी अंतर से हराया।

E-Paper