रांची समेत पूरे झारखंड में तापमान 45.0 डिग्री को कर सकता है पार…

रांची समेत पूरे झारखंड में गर्मी प्रचंड रूप लेती जारी है। आनेवाले समय में राज्य का अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री को भी पार कर सकता है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम भी 42.0 डिग्री तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर राज्य के पलामू प्रमंडल और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ेगा। इस दौरान यहां के जनजीवन को लगातार गर्म लहर का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना मोचा तूफान अगले 48 घंटों के दौरान म्यांमार और बांगलादेश के तट से टकराएगा। झारखंड में इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस दौरान आंशिक बादल छा सकते हैं। बावजूद मौसम शुष्क और गर्म रहेगा।

16 से 18 मार्च के बीच हल्के बादल और कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और उमस की गर्मी सताएगी। इसके अगले सप्ताह भी मौसम बदलाव की संभावना कम है।
विभाग के अनुसार 25 मार्च तक मौसम में बदलाव की संभावना कम है। इस दौरान अधिकतम तापमान के 45 तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में यह 30.0 डिग्री तक जा सकता है। अगले दो सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान 21 से 30 डिग्री तक रहने की संभावना जतायी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी ने सताया। राजधानी समेत अन्य स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहे। इससे तापमान में कुछ कमी आई, लेकिन उमस बढ़ गई। राजधानी का अधिकतम 37.5 और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सबसे ज्यादा रहा। संताल और उत्तर के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने से इन इलाकों के तापमान में भी कमी आयी। सबसे ज्यादा तापमान वाला गोड्डा का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा। वहीं, देवघर का 40.2 और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

E-Paper