महात्मा गांधी की 153वीं जयंती पर, पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

महात्मा गांधी की 153वीं जयंती पर उत्‍तराखंड ने बापू को याद किया और श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करुणा का भाव पैदा करना होगा।

महात्मा गांधी की 153वीं जयंती पर उत्‍तराखंड ने बापू को याद किया और श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क देहरादून में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी ने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए सबको प्रेरित किया। भारत को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करुणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्वांजलि होगी। इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट भी उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने शहीद स्थल कचहरी में उत्‍तराखंड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्‍तराखंड राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष के परिणाम स्वरूप ही हमें नया राज्य मिला। शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य के विकास के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।

2025 तक उत्‍तराखंड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है, जिससे कि राज्य आन्दोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का समग्र विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए

सचिवालय में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया।विधानसभा भवन देहरादून में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सहित सभी कार्मिकों द्वारा रामधुन भी गायी गई।

E-Paper