नालंदा जिले के गांव में दो पक्षों में हुई भीषण गोलीबारी, युवक की मौके पर ही मौत

हरनौत (नालंदा), नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड का मुढारी गांव सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। गांव के दो पक्षों में भीषण गोलीबारी हुई। इस घटना में मुढारी निवासी 40 वर्षीय हीरा पासवान की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि सुबह में कहार टोली के कुछ लड़के गांव के निकट गड्ढे में मछली पकड़ने गए थे। पूर्व की रंजिश के कारण पासवान टोली के लड़कों ने इसका विरोध किया और उन लड़कों की जमकर पिटाई कर दी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। गांव में काफी तनाव का माहौल बना हुआ है।

गांव के दो टोलों के बीच हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि मारपीट की सूचना जैसे ही दोनों टोले में फैली, दोनों तरफ के लोगों का जुटान हो गया। रोड़ेबाजी के बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इसी बीच एक गोली हीरा पासवान के सिर में लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में सूचना पाकर पहुंची हरनौत थाने की पुलिस को पासवान टोली के लोगों का कड़ा प्रतिकार झेलना पड़ा। पुलिस बल मौके पर कैम्प किए हुए है। भीड़ पुलिस को शव उठाने नहीं दे रही है।

खबर है कि गोलीबारी के बाद भाग रहे बदमाशों से कुछ आग्नेयास्त्र ग्रामीणों ने छीने हैं। इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने पहले की होती कार्रवाई तो नहीं होता टकराव

हाल ही में मुढारी गांव के इन्हीं दोनों पक्षों में बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट व गोलीबारी हुई थी। इस दौरान हीरा पासवान के पक्ष का युवक गोली लगने से जख्मी हुआ था। हालांकि पुलिस ने उस वक्त किसी के गोली से जख्मी होने से इनकार किया था। ग्रामीणों का कहना है कि उस मामले को लेकर हरनौत पुलिस दोनों पक्षों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई करती तो शायद यह घटना नहीं होती।

E-Paper