
कोरोना वायरस के कहर की वजह से देशभर में ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मचा है। ऑक्सीजन की किल्लत की वजह से कई जगह हो रही मौतों के बीच मध्य प्रदेश के जबलपुर से भी दर्दनाक घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गैलेक्सी अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में एडमिट पांच मरीजों की मौत हो गई है। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, रिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी की वजह से मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल, अस्पताल की ओर से अब तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि मध्य प्रदेश के कई जिलों में ऑक्सीजन की किल्लत देखने को मिल रही है।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि राज्य को मिलने वाले ऑक्सीजन टैंकरों को लगातार ट्रैक किया जाए। हमें सभी स्त्रोतों का पूरी तरह से उपयोग करना है। जैसे बूंद-बूंद से घड़ा भरता है हमें वैसे प्रयास करने हैं। अपने आवास से शिवराज सिंह ने वचुर्अली प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करने के दौरान कहा कि प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों से मिल सकने वाली संभावनाओं को तलाशें और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की उपलब्धता को भी बढ़ाएं। केन्द्र सरकार से ऑक्सीजन आपूर्ति के संबंध में निरंतर समन्वय जारी है। जिलों में अगले 24 घंटे की ऑक्सीजन की आवश्यकता का आंकलन कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
कोरोना से प्रभावित व्यक्तियों का इलाज कर रहे सभी छोटे-बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन के उपयोग और आपूर्ति की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों को दायित्व सौंपा जाए। उन्होंने कोरोना की रोकथाम और व्यवस्थाओं के लिए गठित कोर ग्रुप से भी जानकारी ली। बैठक में कटनी और पन्ना जिलों की स्थिति की विशेष समीक्षा की गई।