फ्रांस की राजधानी पेर‍िस में, नए सुरक्षा कानून को लेकर भड़की हिंसा, पुलिस और प्रदर्शनक‍ारियों के बीच झड़प

कोरोना महामारी के बीच फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस ज्‍यादती के खिलाफ लोगों का गुस्‍सा सड़क पर निकला। दर्जनों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेट्स को तोड़ दिया। दुकान की खिड़कियों को तोड़ दिया। सड़क पर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

पेरिस। कोरोना महामारी के बीच फ्रांस की राजधानी पेरिस में नए सुरक्षा कानून और पुलिस ज्‍यादती के खिलाफ लोगों का गुस्‍सा सड़क पर निकला। दर्जनों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरीकेट्स को तोड़ दिया और दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों को क्षतिग्रस्‍त कर दिया। सड़क पर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

इस बीच फ्रांस के आंतरिक मंत्री गेराल्‍ड डर्मैनिन ने कहा कि देश भर में 64 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इस हिंसा में आठ पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि देश में किसी को भी कानून और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का कोई हक नहीं है। बता दें कि सरकार द्वारा संसद में एक सुरक्षा विधेयक पेश करने और मीडिया में पुलिस अधिकारियों की छवियों को प्रसारित करने पर प्रतिबंध करने के बाद फ्रांस में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। फ्रांस के कई इलाके हिंसा की चपेट में है।  

इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए कई राउंड आंसू गैस गोले छोड़े। प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए कई राउंड रबर की गोलियां फायर की गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार झड़पें हुईं। बता दें कि सुरक्षा कानून के खिलाफ एक सप्‍ताह से आंदोलन चल रहा है। शनिवार को पूरे फ्रांस में करीब 100 अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारी नए सुरक्षा कानून का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

फ्रांस में नए सुरक्षा कानून के खिलाफ राष्‍ट्रव्‍यापी विरोध राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन की सरकार के लिए एक बड़ा संकट बनता जा रहा है। पिछले महीने पुलिस द्वारा एक अश्‍वेत संगीन निर्माता की पिटाई के बाद यहां हिंसा में तेजी आई है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने यहां के सुपरमार्केट में प्रॉपर्टी एजेंसी और बैंक को निशाना बनाया। प्रदर्शनकारियों ने बैंक की खिड़क‍ियों को तोड़ दिया। एवेन्‍यू गैम्‍बेटा में कई कारों को आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सेंट्रल प्‍लेस डे ला रिपब्लिक की ओर रुख किए।

E-Paper