महिला एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर फाइनल में बनायी जगह

नई दिल्ली: महिला टी-20 एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को शनिवार को कौला लामपुर में खेले गए मैच में 7 विकेट से रौंदा. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है, जो कि रविवार को खेला जायेगा. भारत और पाक के बीच खेले गए मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 72 रन बनाए. इस दौरान भारत की एकता बिष्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. एकता को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया.महिला एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर फाइनल में बनायी जगह

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 72 रन बनाए. इस दौरान नाहिद खान 18 रन बनाकर आउट हुईं. वहीं नैन अबिदी बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं. कप्तान बिस्माह मारूफ महज 4 रन बनाकर अनुजा पाटिल की गेंद पर पवेलियन लौटीं. सना पीर 20 रन बनाकर नाबाद रहीं. भारत की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए एकता बिष्ट ने 4 ओवर में महज 14 रन देकर 3 विकेट झटके. वहीं शिखा पांडे ने 2 ओवर में 6 रन देकर एक विकेट लिया. अनुजा पाटिल, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा को भी एक-एक सफलता हासिल हुई.

इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने 16.1 ओवर में 3 विकेट खोकर सफलता हासिल कर ली. भारत की ओर मिताली राज और स्मृति मंधाना ओपनिंग करने आयीं. इस दौरान मिताली बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं. वहीं मंधाना ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 38 रन की अहम पारी खेली. अंत में कप्तान हरमनप्रीत कौर 34 रन बनाकर नाबाद रहीं. इस दौरान पाक की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनाम अमीन ने 2 विकेट हासिल किए.

गौरतलब है कि भारतीय टीम ने इससे पहले मलेशिया को 142 रन से हराया था. वहीं अपने दूसरे मुकाबले में थाईलैंड को 66 रन से मात दी थी. इसी तरह तीसरे मुकाबले में टीम ने 7 विकेट से और चौथे मुकाबले में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया था. अब भारतीय टीम 10 जून को फाइनल मैच खेलेगी.

E-Paper