अफगानिस्तान ने किया क्लीन स्वीप, बांग्लादेश को हराकर रचा इतिहास

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच गुरुवार को देहरादून के राजीव गांधी स्टेडियम में तीन टी-20 मैचों की सीरीज का तीसरा मैच खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान ने 1 रन से रोमांचक जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने क्लीन स्वीप कर इतिहास रच दिया. इससे पहले खेले गए दोनों मुकाबलों में अफगान टीम ने जीत हासिल की थी. इस मैच के लिए मुश्फिकुर रहीम को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. वहीं राशिद खान ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुने गए.

सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 145 रन बनाए. इस दौरान मोहम्मद शहजाद ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 26 रन की अहम पारी खेली. वहीं शेनवारी ने 28 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 33 रन बनाए. कप्तान असगर ने 27 रन का योगदान दिया.

इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 144 रन ही बना पायी. टीम के लिए लिटन दास और तमीम इकबाल ओपनिंग करने आए. इस दौरान दास 12 रन और इकबाल 5 रन बनाकर आउट हुए. मुश्फिकुर रहीम ने 46 रन की अहम पारी खेली. हालांकि वो टीम को जीत नहीं दिला सके. इसी तरह मोहम्मदुल्लाह ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 45 न बनाए.

बता दें कि इससे पहले 3 जून को सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला खेला गया था, जिसमें अफगानिस्तान ने 45 रन से जीत हासिल की थी. वहीं इसके बाद 5 जून को खेले गए मैच में अफगानिस्तान ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी. इस मैच के तीसरा और आखिरी मैच 7 जून को खेला गया, जो कि काफी रोमांचक तरीके से अफगानिस्तान ने जीत लिया. इस सीरीज के लिए राशिद को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया है. उन्होंने 3 मैचों में 49 रन देकर 8  विकेट झटके हैं.

E-Paper