विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन के तहत आएंगी चार और फ्लाइट इंदौर

विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन के तहत चार और फ्लाइट इंदौर आएंगी। एक फ्लाइट इस माह के अंत में तो बाकी जुलाई में आएंगी। सभी का संचालन एयर इंडिया द्वारा किया जाएगा। एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर विकासचंद्र शाह ने बताया कि अभी मिशन का दूसरा चरण चल रहा है। इसमें कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन में विदेशों में जो भारतीय फंसे हैं, उन्हें लाया जा रहा है। ये फ्लाइट यूक्रेन, मॉस्को, बिस्बेक (किर्गिस्तान) से आएंगी। सभी फ्लाइट पहले दिल्ली आएंगी। वहां दिल्ली और आसपास के यात्री उतारने के बाद सीधे इंदौर आ जाएंगी। गौरतलब है कि इंदौर में अब तक लंदन, कुवैत से भारतीयों को लेकर फ्लाइट आ चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक, लंदन वाली फ्लाइट पहले भोपाल आने वाली थी, लेकिन वहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुविधा नहीं होने से उसे इंदौर भेजा गया। यहां दुबई फ्लाइट का संचालन होने से कस्टम, इमीग्रेशन की सुविधा उपलब्ध है।

यह रहेगा शेड्यूल

– 30 जून : सुबह साढ़े 6 बजे फ्लाइट यूक्रेन से वाया दिल्ली होते हुए इंदौर पहुंचेगी।

– 2 जुलाई : सुबह साढ़े 6 बजे फ्लाइट मॉस्को से वाया दिल्ली होते हुए इंदौर पहुंचेगी।

– 3 जुलाई : रात साढ़े 8 बजे फ्लाइट बिस्बेक किर्गिस्तान से वाया दिल्ली होते हुए इंदौर आएगी।

– 14 जुलाई : सुबह साढ़े 6 बजे फ्लाइट यूक्रेन से वाया दिल्ली होते हुए इंदौर आएगी।

E-Paper