सोमवार-मंगलवार को राजधानी भोपाल में तेज बौछारें पड़ने की संभावना ….

नौतपा में दिनों दिन गर्मी के तेवर नरम पड़ते जा रहे हैं। छह दिन में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। मौसम विज्ञानियों ने रविवार को गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। साथ ही सोमवार से तेज बौछारें पड़ने के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक नौतपा के छठवे दिन शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री दर्ज हुआ था।

इसके बाद से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया था। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान से उत्तरी मप्र से होकर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ बना हुआ है। अरब सागर में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही औसत लगभग 20 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इस वजह से प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इस वजह से रविवार को शहर में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार-मंगलवार को राजधानी में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

नौतपा में अभी तक ऐसा रहा मौसम का मिजाज

तारीख – अधिकतम – न्यूनतम

25 – 44.5 – 27.6

26 – 44.0 – 26.9

27 – 43.8 – 29.9

28 – 43.5 – 29.9

29 – 41.9 – 29.6

30 – 41.5 – 29.0

शनिवार को ऐसी रही पारे की चाल

समय – तापमान

सुबह- 5ः30 – 29.4

सुबह – 8ः30 – 32.2

सुबह – 11ः30 – 36.8

दोपहर – 2ः30 – 40.0

शाम – 5ः30 – 40.0

रात – 8ः30 – 35.4

E-Paper