
चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) अपने सदस्यों की वफादारी की जांच करने के लिए वर्चुअल रियलिटी टेस्ट का इस्तेमाल कर रही है. पार्टी इस टेस्ट का इस्तेमाल यह भी जानने के लिए कर रही है कि पार्टी के लोगों के पास सदस्यता के लिए जरूरी योग्यताएं हैं या नहीं.
एक खबर के हवाले से बताया कि पूर्वी चीन में शान्दोंग प्रांत के बिन्झोऊ शहर के किंगयांग कस्बे में सीपीसी के सदस्य वी आर गियर का इस्तेमाल कर वफादारी की जांच कराने वाले पहले सदस्य बने.
जांच पार्टी के सदस्यों की सीपीसी के प्रति वफादारी, लोगों और पार्टी के लिए योगदान देने की तत्परता और आदर्श होने की योग्यताओं से संबंधित है. रिपोर्ट के अनुसार किंगयांग में पार्टी के सदस्यों के लिए वीआर हेडसेट पहनना, रिमोट कंट्रोल हाथ में रखना और 30 सवालों का जवाब देने के लिए एक वर्जुअल रूम में प्रवेश करना जरूरी था.जांच में पार्टी के सिद्धांत, सदस्यों की रोजाना की जिंदगी और पार्टी की ‘‘अग्रणी भूमिका’’ को लेकर उनकी समझ से जुड़े सवाल शामिल थे. जिसमें उनसे सवाल पूछा गया था कि ”क्या आप इससे सहमत हैं कि यदि आप भ्रष्ट नहीं हैं तो आप दरकिनार कर दिए जाएंगे.”
ऐसा कहा जा रहा है कि इस जांच का मुख्य मकसद सदस्यों के कमजोर पहलू को जानना है, जिससे उन्हें अपने आप को मजबूत बनाने के लिए विशेषज्ञों से परामर्श मिल सके. बीजिंग स्थित सीपीसी केंद्रीय समिति के पार्टी स्कूल के प्रोफेसर सी झिकियांग ने कहा कि जांच का इस्तेमाल सीपीसी सदस्यों की राजनीतिक गुणवत्ता और लोगों की सेवा करने की उनकी क्षमताएं बढ़ाने आदि के तरीके का पता लगाने के लिए होना चाहिए.