‘भाई’ की वजह से हारी शाहरुख खान की टीम, ऐसे जुड़ा मुंबई की जीत से कनेक्शन

नई दिल्ली. वानखेड़े पर वही हुआ जिसकी मुंबई को जरुरत थी. IPL में अपनी जीत की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में हर हाल में जीत चाहिए थी और वो जीत गए. दम दिखाकर दुनिया हिलाने का दावा करने वाले मुंबई की टीम की इस जीत में सबसे अहम भूमिका ‘भाई’ की रही . केकेआर के को-ऑनर शाहरुख खान भले ही बॉलीवुड के किंग होंगे लेकिन वानखेड़े पर ‘भाई’ के सामने उनकी टीम की एक न चली. मुंबई को जीत दिलाने वाले इस ‘भाई’ के बारे में जानने के लिए बेशक आप भी उतावले होंगे. मुंबई की जीत का क्या है ‘भाई’ कनेक्शन वो हम आपको बताएं उससे पहले जरा एक नजर मुकाबले के रोमांच पर डाल लीजिए.

1125 दिन हो गए KKR को जीते

वानखेड़े पर मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए. जवाब में कोलकाता की टीम 6 विकेट पर सिर्फ 168 रन ही बना सकी और मुकाबला 13 रन से हार गई. ये कोलकाता के खिलाफ मुंबई की लगातर 7वीं जीत है. मुंबई को आखिरी बार कोलकाता ने 1125 दिन पहले साल 2015 में हराया था. तब से लेकर अब तक मुंबई कोलकाता के खिलाफ अजेय है.

मुंबई की जीत का ‘भाई’ कनेक्शन

मुंबई की जीत का क्या है ‘भाई’ कनेक्शन अब जरा वो समझिए. दरअसल, यहां ‘भाई’ से हमारा मतलब पांड्या ब्रदर्स यानी कि हार्दिक और क्रुणाल पांड्या से है. हार्दिक पांड्या ने अपने सोशल अकाउंट पर एक फोटो पोस्ट किया है जिसका कैप्शन उन्होंने भाई-भाई देते हुए बड़े भाई क्रुणाल पांड्या को जीत की बधाई दी है.

जीत में रहा ‘भाई’ का ऐसा रोल

बता दें कि केकेआर के खिलाफ मुंबई की जीत में भाईयों की इस जोड़ी के छोटे मियां यानी कि हार्दिक पांड्या असली हीरो बनकर उभरे हैं. उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए जिसमें 4 चौका और 1 छक्का शामिल रहा. 175 के स्ट्राइक रेट से इस ताबड़तोड़ पारी को खेलने के बाद हार्दिक ने गेंद से भी गुमां दिखाया और केकेआर के बल्लेबाजों की नाक में दम करते हुए 2 विकेट चटकाए.

छोटे मियां के अलावा बड़े मियां यानी कि क्रुणाल पांड्या 14 रन ही बना सके लेकिन इसमें भी उन्होंने 1 छक्का जड़ दिया. जबकि, गेंदबाजी में उन्होंने 1 विकेट लिया. मुंबई की जीत में इस भाई जोड़ी का सबसे सटीक कनेक्शन ये रहा कि बल्लेबाजी में आखिरी रन टीम के लिए हार्दिक के बल्ले से निकला तो वहीं गेंदबाजी से विरोधी टीम केकेआर का आखिरी विकेट क्रुणाल ने हासिल किया.

E-Paper