सावधान धोनी: ईडन पर KKR का ‘घूमता हाथ’ कर सकता है अनहोनी

नई दिल्ली. धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स का मुकाबला आज KKR के गढ़ में है. IPL में इन दोनों टीमों की टक्कर में पलड़ा CSK का भारी है क्योंकि इस टीम ने कोलकाता के खिलाफ अब तक खेले 17 मुकाबलों में से 11 में जीत दर्ज की है. लेकिन, इसके बावजूद आज ईडन पर पीली जर्सी वाली टीम के साथ अनहोनी होती दिख सकती है. हमारे ऐसा कहने की एक वजह तो ये है कि आपस में खेले पिछले 5 मुकाबलों में इन दोनों टीमों में से जीत उसी की हुई है जिसका मैदान रहा है.

यानी जिसका होमग्राउंड रहा वो टीम जीती. लेकिन धोनी को सावधान करने की वजह ये नहीं है. दरअसल, धोनी और उनकी टीम को सावधान रहने की जरुरत है KKR के घूमते हाथ से. KKR का घूमता हाथ IPL में उसकी सबसे बड़ी ताकत है, वहीं दूसरी ओर इसका सामना कर पाने में नाकामी CSK की सबसे बड़ी कमजोरी. यहां घूमते हाथ से मतलब स्पिन से है , जिसके खिलाफ चेन्नई के बल्लेबाज थोड़े स्ट्रगल करते दिखे हैं. ये सिर्फ हम नहीं बल्कि आंकड़े भी कुछ ऐसा ही बयां कर रहे हैं.

IPL-11 में फिरकी बनी CSK का फंदा

IPL-11 में चेन्नई सुपरकिंग्स के अबतक 18 विकेट गिरे हैं. इन 18 विकेटों में 12 विकेट उन्होंने स्पिनर के खिलाफ गंवाए हैं. इसके अलावा रन बनाने का उनका औसत भी पेस की तुलना में स्पिन के खिलाफ उनका कम है. पेस के खिलाफ 10.25 के रेट से रन बनाने वाले सुपरकिंग्स के बल्लेबाजों का स्कोरिंग रेट स्पिन के खिलाफ सिर्फ 8.26 का ही है.

ईडन पर धोनी के सामने ट्रिपल चैलेंज

कोलकाता के खेमें में 3 वर्ल्ड क्लास स्पिनर है, जो अपनी फिरकी के जादू से चेन्नई के वार को बेदम करने का दम रखते हैं. सुनील नरेन, पीयूष चावला और कुलदीप यादव के तौर पर KKR की ये स्पिन तिकड़ी तब और घातक हो जाती है जब ये अपने होमग्राउंड यानी कि ईडन पर खेलती है. ईडन की पिच पर आज धोनी के सुपरकिंग्स के खिलाफ ये स्पिन तिकड़ी क्या कर सकती है अब जरा वो समझिए. ईडन पर नरेन, चावला और कुलदीप की तिकड़ी ने मिलकर इस सीजन अब तक खेले 4 मुकाबलों में 14 विकेट चटकाएं हैं. इनके विकेटों की संख्या ईडन पर KKR के तेज गेंदबाजों की तुलना में दोगुनी है.

साफ है कि ऐसे में जब आज कोलकाता की स्पिन तिकड़ी चेन्नई के खिलाफ उतरेगी तो इनसे बड़ी उम्मीदें होंगी. देखना ये है कि दिनेश कार्तिक के कमान वाली टीम की तिकड़ी का जादू आज भी घरेलू मैदान पर चलता है या फिर धोनी की टीम ईडन जीतकर प्लेऑफ के और करीब पहुंचती है.

E-Paper