इंदौर विकास कार्यक्रम टला: सीएम मोहन यादव की व्यस्तता बनी वजह

इंदौर के विकास को लेकर शहर में तीन जुलाई को होने वाला कार्यक्रम टल गया। इसकी वजह मुख्यमंत्री मोहन यादव की व्यस्तता बताई जा रही है। अब नए सिरे से तिथि की घोषणा की जाएगी। इस आयोजन के लिए ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर बुक कर लिया गया था और शहर के गणमान्य नागरिकों को कार्ड भी बांट दिए गए थे। कार्यक्रम की घोषणा और उसके टलने को भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के लेटर कांड से जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले में सियासत तेज हो गई है और कांग्रेस की तरफ से भी बयान आने लगे हैं।

मंत्री विजयवर्गीय ने जताई थी आपत्ति
इंदौर के साथ हो रही उपेक्षा को लेकर 20 जून को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक चिट्ठी लिखी थी। पत्र में शहर के साथ हो रहे भेदभाव, परियोजनाओं में देरी सहित अन्य मुद्दों का जिक्र किया गया था।

उन्होंने पत्र में लिखा था कि ढाई साल से इंदौर के साथ हो रही उपेक्षा से आहत हूं। इन वर्षों के दौरान उपेक्षा और असहयोग ही मिला है। मंत्री ने यह भी कहा था कि शहर से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सार्वजनिक मंचों पर इस मुद्दे को उठाना उनकी विवशता होगी। मंत्री ने मास्टर प्लान में देरी, एयरपोर्ट विस्तार की कवायद न होने, पीथमपुर के बजाय विक्रमपुरी में नए सेंटर खोले जाने जैसी बातों का भी पत्र में उल्लेख किया था।

नई तिथि घोषित होगी
इंदौर में उम्मीदों का शहर इंदौर थीम पर सांसद शंकर लालवानी ने एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था। यह कार्यक्रम तीन जुलाई को होना था। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि फिलहाल कार्यक्रम टल गया है। नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।

E-Paper