सिनेमा में इतिहास रचने जा रही कौन है Geetu Mohandas?

बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट से लेकर बेस्ट लीड एक्ट्रेस और फिर पहली ही डायरेक्ट की गई फिल्म के लिए दो नेशनल अवॉर्ड। गीतू मोहनदास- एक ऐसी अदाकार जो जन्मी तो केरल में लेकिन बचपन में ही पूरे राज्य में अपना नाम बनाया और बड़े होकर इनकी फिल्मों को ना सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी सराहा गया। अगर आप सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) का टीजर और लुक देखकर बहुत ज्यादा एक्साइटेड हैं जो जान लीजिए इतनी बोल्ड, वायलेंट और भरपूर एक्शन वाली फिल्म को आपके बीच गीतू मोहनदास (Geetu Mohandas) ही लेकर आ रही हैं। जो पहली ऐसी फीमेल डायरेक्टर बनेंगी जो सदी की सबसे बोल्ड फिल्म देने जा रही हैं। इस वक्त फिल्म रिलीज डेट का इंतजार कर रही हैं, इस बीच आइए जानते हैं कौन हैं गीतू मोहनदास? टॉक्सिक के पीछे उनके खयालात और सोच के बारे में।

कौन हैं गीतू मोहनदास?

गीतू मोहनदास (Geetu Mohandas) का असली नाम गायत्री दास है। परिवार में उन्हें प्यार से ‘गीतू’ कहा जाता था; यही नाम उनका स्क्रीन नेम बन गया जब उन्होंने 1986 में मोहनलाल (Mohanlal) के साथ मुख्य भूमिका में अपनी चौथी फिल्म ‘ओन्नु मुथल पूज्यम वारे’ में काम किया। उस समय गीतू 5 साल की थीं और उन्होंने मलयालम फिल्म देखने वालों का दिल जीत लिया। एक वयस्क के तौर पर गीतू की पहली फिल्म ‘लाइफ इज ब्यूटीफुल’ थी, जिसमें मोहनलाल मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद उन्होंने ‘थेनकासी पट्टनम’, ‘वलकन्नाडी’, ‘नम्मल थम्मिल’ और कई अन्य मलयालम फिल्मों में काम किया। उनके करियर का सबसे अहम मोड़ श्यामप्रसाद द्वारा निर्देशित और टॉम जॉर्ज कोलाथ द्वारा निर्मित फिल्म ‘अकाले’ थी, जिसके लिए उन्हें 2004 में बेस्ट एक्ट्रेस का केरल राज्य पुरस्कार मिला। गीतू ने ‘अकाले’ में रोज का किरदार निभाने के लिए बेस्ट एक्ट्रेस मलयालम का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।

पहली निर्देशित फिल्म ने जीते दो नेशनल अवॉर्ड

2013 में, उन्होंने Socio-Political फिल्म ‘लायर्स डाइस’ (Liar’s Dice) का निर्देशन किया। इस फिल्म को दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले, इसका प्रीमियर सनडांस फिल्म फेस्टिवल में हुआ और यह 87वें अकादमी पुरस्कारों में ‘बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म’ (सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म) की कैटेगरी में भारत की ऑफिशियल एंट्री थी।

सदी की सबसे ‘टॉक्सिक’ फिल्म

गीतू मोहनदास की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ है जिसमें सुपरस्टार यश (Yash) लीड रोल में हैं और उनके साथ पांच हीरोइनें कियारा आडवाणी (Kiara Advani), नयनतारा (Nayanthara), तारा सुतारिया (Tara Sutaria), हुमा कुरैशी (Huma Qureshi) और रुक्मिणी वसंत (Rukmini Vasanth) अहम किरदारों में नजर आएंगी।

टीजर देखकर हैरान हैं लोग

जब से टॉक्सिक का बोल्ड लुक और टीजर सामने आया है तब से लोग यह जानकर हैरान हैं कि इस फिल्म को एक फीमेल डायरेक्टर ने बनाया है। टीजर के बोल्ड सीन, डायलॉग, वायलेंस ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी की आखिर इतनी बोल्ड फिल्म के पीछे क्या कहानी होगी? क्या यह फिल्म भी कॉन्ट्रोवर्सी पैदा करेगी? क्या फिर से फीमेल ऑब्जेक्टिफिकेशन का मुद्दा उठेगा? खैर इन सब सवालों के जवाब तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेंगे। लेकिन एक बात जो तय है वह यह है कि इन सबके पीछे गीतू मोहनदास का कोई विजन तो जरूर होगा। बेस्ट चाइल्ड से लेकर बेस्ट लीड एक्ट्रेस और बेस्ट डायरेक्टर से लेकर ऑस्कर में फिल्म की ऑफिशियल एंट्री तक का सफर तय करने वाली डायरेक्टर के दिमाग की उपज महज कोई मास या कमर्शियल फिल्म तो बनकर नहीं रह जाएगी। फिलहाल दर्शक ‘टॉक्सिक’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि यह लंबे समय बाद यश की सिनेमाघरों में वापसी भी होगी और अब इसके लुक और टीजर ने इस इंतजार को और भी एक्साइटेड बना दिया है। जल्दी ही फिल्म की ऑफिशियल रिलीज डेट अनाउंस होने की उम्मीद है।
E-Paper