यूपी: सपा ने कहा मतदाता सूची में मलयालम और गुजराती भाषा में लोगों के नाम

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम व पते मलयालम और गुजराती भाषा में भी हैं। सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस पर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम व पता मलयालम और गुजराती भाषा में प्रिंट किए जाने से मतदाता 2027 के चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। यह एक गंभीर मामला है। सपा ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर जांच कराने की मांग की। साथ ही इसके लिए दोषी लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की। इसके साथ ही मतदाताओं के नाम व पता हिंदी भाषा में प्रिंट करवाने के लिए कहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि वाराणसी के कैंट में पोलिंग बूथ संख्या-145 के मतदाता क्रम संख्या 73 पर मतदाता का नाम व पता मलयालम में प्रिंट है।

2025 की मतदाता सूची में भी इस मतदाता का नाम मलयालम में ही था। इसी तरह से इसी बूथ के क्रम संख्या 73 पर मतदाता का नाम व पता गुजराती में प्रिंट है। पोलिंग बूथ संख्या 268 के मतदाता क्रम संख्या 975, 977 व 978 पर एक ही मतदाता का नाम दो बार दर्ज है।

सपा की मांग है कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज डुप्लीकेट, मृतक, अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन कराकर मतदाता सूची को दुरुस्त कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में सपा के प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता डॉ. हरिश्चंद्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह शामिल थे।

E-Paper