सीएम यादव ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पुण्य स्मरण किया

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारतीय संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के पुरोधा, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर पुण्य स्मरण कर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा और समानता के जरिए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को गति दी।

समता, न्याय और अधिकारों पर आधारित सशक्त भारत की जो नींव आपने रखी, वह आज भी राष्ट्र निर्माण का पथ प्रशस्त कर रही है। वंचितों, शोषितों और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए आपका संघर्ष और विचार हम सभी के लिए जनकल्याण की आदर्श प्रेरणा का शाश्वत स्रोत हैं।

अंबेडकर जयंती के अवसर पर इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में स्थित बाबा साहेब बीआर अंबेडकर की जन्मस्थली पर 14 अप्रैल को भव्य आयोजन होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

समारोह के लिए स्मारक स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन और पेयजल की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में 14 अप्रैल शाम तक रहेगी, जबकि भिक्षुओं (भंतों) के लिए माहेश्वरी स्कूल में ठहरने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड स्कूलों के साथ-साथ तीन बड़े डोम भी तैयार किए गए हैं। इसके अलावा, अस्थायी शौचालय और जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

E-Paper