लखनऊ सुपरजायंट्स ने IPL 2026 में खोला अपनी जीत का खाता

लखनऊ सुपरजायंट्स के मालिक संजीव गोयनका का स्‍टैंड्स में भगवान का शुक्रिया अदा करने वाला रिएक्‍शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लखनऊ के गेंदबाजों ने रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम पर सनराइजर्स हैदराबाद की शुरूआत बिगाड़ी। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उसे तेज गेंदबाजों मोहम्‍मद शमी ने जायज ठहराया। शमी ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड (7) के शिकार करके हैदराबाद की शुरूआत बिगाड़ दी। फिर प्रिंस यादव ने सनराइजर्स के कप्‍तान ईशान किशन को आउट करके ऑरेंज आर्मी को दबाव में डाल दिया। कैमरामैन ने स्‍टैंड्स के नजारे दिखाए, जहां मौजूद संजीव गोयनका हैदराबाद के विकेट गिरने का जश्‍न मनाते हुए नजर आए। इस दौरान नजर आया कि उन्‍होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया और तिरुपति के फोटो को माथे से लगाया। कैमरा में दिखा कि किशन के आउट होने पर गोयनका मुस्‍कुरा रहे हैं। फिर उन्‍होंने तिरुपति का फोटो निकाला और उनका आशीर्वाद लिया।

हैदराबाद की लचर शुरूआत

बता दें कि हैदराबाद की पिच से तेज गेंदबाजों को शुरूआत में मदद मिलती है और शमी ने इसका भरपूर फायदा उठाया। अभिषेक शर्मा खाता नहीं खोल सके जबकि हेड भी कमाल की पारी खेलने में नाकाम रहे। इन दोनों के विकेट गिरने से एसआरएच दबाव में थी, जिसका जख्‍म ईशान किशन के आउट होने पर गहरा हो गया। प्रिंस ने ऑफ स्‍टंप के बाहर लेंथ बॉल डाली, जिस पर किशन ड्राइव खेलने गए। मगर उनके बल्‍ले और पैड के बीच काफी अंतर था, जिसके बीच से गेंद निकलकर स्‍टंप्‍स पर जा लगी।

गोयनका का तिरुपति कनेक्‍शन

याद हो कि संजीव गोयनका पहले भी एक इंटरव्‍यू में बता चुके हैं कि वो अपने साथ भगवान तिरुपति का फोटो रखते हैं और आईपीएल में दबाव वाले मैच के दौरान इसे अपने हाथ में रखते हैं। संजीव गोयनका की भक्ति लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए रंग लाई, जिसने हैदराबाद को उसी के होमग्राउंड पर पटखनी दी और अपनी जीत का खाता खोला। मैच पर गौर करें तो एसआरएच ने पहले बल्‍लेबाजी करके हेनरिक क्‍लासेन (62) और नितीश कुमार रेड्डी (56) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए। जवाब में लखनऊ सुपरजायंट्स ने कप्‍तान ऋषभ पंत (68*) के अर्धशतक के दम पर एक गेंद शेष रहते पांच विकेट से मैच जीता। मोहम्‍मद शमी ने मैच में 4 ओवर के अपने स्‍पेल में केवल 9 रन देकर दो विकेट झटके। उन्‍हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ लखनऊ की टीम आईपीएल 2026 प्‍वाइंट्स टेबल में सातवें स्‍थान पर पहुंची। वहीं, हैदराबाद की टीम पांचवें स्‍थान पर काबिज है।
E-Paper