
यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 12 बजकर 35 मिनट पर कर्क लग्न अनुसार कृतिका नक्षत्र आयुष्मान योग पर विशेष पूजा अर्चना विधि-विधान के साथ कपाट खुलेंगे।
आज मंगलवार यमुना जन्मोत्सव के अवसर पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में स्थित यमुना मंदिर में आज यमुनोत्री मंदिर समिति की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का विधिवत रूप से शुभ मुहूर्त निकाला गया।
मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि इससे पहले खरसाली गांव से मां यमुना की डोली सुबह 8.30 बजे स्थानीय वाद्ययंत्रों के साथ यमुनोत्री के लिए रवाना होगी। खरसाली गांव से यमुना के भाई शनिदेव महाराज सोमेश्वर महाराज की डोली भी अपनी बहन को विदा करने यमुनोत्री जाएंगे।