भारत-जिम्बाब्वे मैच के बाद क्या है प्वाइंट्स टेबल का हाल?

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को चेन्नई में 72 रनों से हराकर सेमीफाइनल की तरफ कदम बढ़ाया है। हालांकि, टीम इंडिया के लिए अभी भी सेमीफाइनल की राह आसान नहीं होने वाली है। भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना मुकाबला हर हाल में जीतना होगा और तभी सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए दो टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली है, जिसमें साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड शामिल हैं। ऐसे में अब टॉप-4 के लिए 2 जगह बाकी है और कई टीमों में रेस लगी हुई है। आइए आपको बताते हैं कि सेमीफाइनल के लिए कौन-कौन सी टीमें रेस में हैं। इसके अलावा ताजा प्वाइंट्स टेबल पर भी नजर डालने वाले हैं।

भारत-जिम्बाब्वे मैच के बाद प्वाइंट्स टेबल
ग्रुप-1 की बात करें, तो साउथ अफ्रीका ने 2 मैच खेले हैं और दोनों मैचों में जीत हासिल की है। ऐसे में उनके 4 अंक हैं और रन रेट +2.890 का है, जिससे पहले स्थान पर मौजूद हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की टीम है, जो 2 मैचों में एक जीत, एक हार और +1.791 रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। टीम इंडिया के भी 2 मैचों में एक जीत और एक हार है। हालांकि, भारत का रन रेट -0.100 का है और वे तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। जिम्बाब्वे की टीम 2 मैच खेलने के बाद एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है।

ग्रुप-2 में इंग्लैंड की टीम 2 मैचों में दो जीत के साथ पहले स्थान पर मौजूद है। उनके 4 अंक हैं और रन रेट +1.491 का है। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम है, जिन्होंने 2 मैच खेले हैं और एक में जीत हासिल की है। कीवी टीम का एक मैच बारिश में धुल गया था, जिसकी वजह से उनके 3 अंक हैं और वे +3.050 रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। पाकिस्तान की टीम ने 2 में से एक भी मैच नहीं जीते हैं। उनका एक मैच बारिश की वजह से रद हो गया था और एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। चौथे स्थान पर श्रीलंका है, जिनका अब तक सुपर-8 में जीत का खाता नहीं खुला है।

सेमीफाइनल की रेस में कौन-सी टीमें शामिल?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका और ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ऐसे में सेमीफाइनल के लिए 2 जगह बची है। ग्रुप-1 से भारत और वेस्टइंडीज के बीच रेस लगी हुई है। 1 मार्च को इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा और, जिसे जीत मिलेगी, वो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगा। ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने क्वालीफाई कर लिया है और न्यूजीलैंड सबसे बड़ी प्रबल दावेदार है। हालांकि, पाकिस्तान भी रेस में है लेकिन वे न्यूजीलैंड की हार पर पूरी तरह से निर्भर हैं।

E-Paper