
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए संकल्प लेने का दिन है। आज पंडित दीनदयाल जी की जयंती है, उनकी अगली जयंती आएगी तब 5 राज्यों चुनाव सहित केंद्र में चुनाव भी आएगा। जो पार्टी 10 सदस्यों के साथ शुरू हुई वो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। 19 प्रदेश में भाजपा की सरकार है। केंद्र में पहली बार गैरकांग्रेसी दल की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है, वो भाजपा की है। भारत के मानचित्र पर देश के 70 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी है।
उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ में लाखों की संख्या में जो कार्यकर्ता उपस्थित हैं उनसे कहना चाहता हूं। भाजपा को हर गांव, हर बूथ तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं को करना है। मप्र के 65 हजार से ज्यादा बूथों से जो कार्यकर्ता आएं हैं वे सभी संकल्प लेकर जाएं। आने वाले चुनावों में मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बने और केंद्र में फिर भाजपा की सरकार बने।
किस आधार पर वोट मांगेंगी कांग्रेस
शाह ने कहा कि राहुल बाबा कहीं भाषण कर रहे थे और कह रहे थे कि मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। राहुल बाबा सपना देखने में कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन किसके आधार पर आप इन राज्यों में सरकार बनाएंगे। देश की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली बात के आधार पर वोट मांगोगे। मप्र में राजा, महाराजा और उद्योगपति की तिकड़ी के आधार पर वोट मांगोंगे। कांग्रेस ने मप्र के बीमारू राज्य बना दिया था। भाजपा की सरकार को मध्यप्रदेश में 18 साल हो गए, इसे और आगे बढ़ाना है। पहले सिर्फ मप्र की सरकार काम करती थी, क्योंकि केंद्र में यूपीए की सरकार थी। लेकिन केंद्र में मोदी जी की सरकार आने के बाद मप्र की और तरक्की हुई। यूपीए की सरकार ने भाजपा शासित राज्यों के साथ सही व्यवहार नहीं किया था।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है वो है देश का गौरव बढ़ाने का काम। इस बार प्रधानमंत्री दाओस गए और वहां पर पूरी दुनिया को देश की भाषा हिंदी में भाषण देकर उन्हें अपने देश की ताकत से परिचय कराया। मोदी जी ने देश की सरकार के सोचने का स्केल बदलने का काम किया। पहले पंचवर्षीय योजनाएं होती थी, उसमें तय किया जाता था कि क्या काम किया जाएगा। उन्होंने तय किया कि ऐसे फैसले नहीं होते हैं, उन्होंने सोचने का तरीका बदला। आज देश में आज 2 करोड़ घरों में बिजली पहुंच गई। साढ़े सात करोड़ से ज्यादा घरों में शौचालय बन गया। मुद्रा लोन देने का काम भाजपा की सरकार ने किया। फिर भी राहुल बाबा को सपना आता है कि उनकी सरकार बनेगी।
चुनाव में ऐसी विजय दिलाएं कि दुश्मनों का दिल दहल जाए
शाह ने कहा कि जहां-जहां राज्यों में चुनाव आए वहां कांग्रेस और अन्य पार्टी गई और भाजपा की सरकार बनी। जहां भाजपा का नाम भी नहीं था वहां भी आज हमने भाजपा की सरकार बनाई। ये मध्यप्रदेश है, यहां आपकी सरकार बन ही नहीं सकती। मध्यप्रदेश में इसी वर्ष में चुनाव आने वाला है, हमारी यह चुनावी विजय ऐसी करें कि दुश्मनों के दिल दहल जाएं।
अभी-अभी मेरे आने के पहले नमो ऐप डाउनलोड किया गया है। आज भोपाल छोड़ने के पहले मेरा आपसे अनुरोध है कि आप नमो ऐप डाउनलोड करिए। इसके बाद आप खुद मप्र की जनता को बता सकते हो कि हमारी सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं। हमारी सरकार ने कोई भी ऐसा काम नहीं किया है कि कार्यकर्ताओं को सिर झुकाना पड़े। वो सीना तानकर लोगों के पास जाकर अपनी सरकार की उपलब्धियां बताएं। सभी कार्यकर्ता 3-3 लोगों को नमो ऐप डाउनलोड कराएं। नए लोगों को जोड़िए, पार्टी का विस्तार करिए। उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आता है तब कांग्रेस ध्यान भटकाने का काम करती है।
किसी भी मामले में हमारी स्पर्धा नहीं हो सकती
एनआरसी में 40 लाख घुसपैठिए सामने आए, इस देश से घुसपैठिए जाने चाहिए कि नहीं जाने चाहिए। एनआरसी जैसे ही हमने किया, कांग्रेस ने इसका विरोध किया। आप जितना रोकने का प्रयास करना हो करो, एनआरसी की प्रक्रिया रूकने वाली नहीं है। विकास के मामले में हमारी स्पर्धा नहीं हो सकती, अर्थ तंत्र को सुधारने के मामले में हमारी स्पर्धा नहीं हो सकती। राष्ट्र भक्ति के मामले में हमारी स्पर्धा नहीं हो सकती। शाह ने कहा कि हमें इस तरह चुनाव जीतना है कि टीवी पर हमारे विरोधी नतीजें देखें तो उनका दिल धड़कना बंद हो जाए।