
नई दिल्ली: भारत में कोरोना के बढ़ते सक्रमण से हालात चिंताजनक हो गई है। केंद्र के साथ-साथ तमाम राज्यों की सरकार कोरोना की दूसरी लहर के लिए तमाम एहतियाती कदम उठा रही है, लेकिन इस पर फिलहाल रोक लगता नहीं दिख रहा है। भारत में कोरोना के बढ़ते संक्रमण और खतरे को देखते हुए दुनियाभर के देश भी सर्तक है और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

भारत में फैले कोरोना की इस लहर से बचाने के लिए दुनिया के तमाम देश अपने-अपने तरीक से कदम भी उठा रही है। इटली ने भारत से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे पहले जर्मनी, मालदीव, ब्रिटेन, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, कनाडा, बांग्लादेश जैसे देश भारतीयों पर ट्रैवल बैन लगा चुके हैं।
इसी कड़ी में इटली ने अपने यहां वाले ऐसे लोगों पर बैन लगा दिया है जो बीते 14 दिनों में भारत गए हों या फिर भारत से ही आ रहे हों। हालांकि इटली ने अपने नागरिकों को शर्तों के साथ कुछ छूट भी दी है। इसके लिए उन्हें यात्रा से पहले की कोरोना निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी। इसके अलावा पहुंचने के बाद एक बार फिर से उनका कोरोना टेस्ट कराना होगा। इतना ही नहीं दोनों टेस्ट में निगेटिव पाए जाने के बाद भी उन्हें क्वारेंटाइन में जाना होगा। इसके अलावा जो इटली में ही हैं, लेकिन बीते 14 दिनों में कभी भारत गए थे, उन्हें भी टेस्ट से गुजरना होगा।
वहीं बांग्लादेश ने भी भारतीय यात्रियों के आने पर दो हफ्ते तक रोक लगा दी है। बंग्लादेश ने भारत के साथ हवाई और सड़क मार्ग को 14 दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया है। हालांकि इस दौरान बांग्लादेश ने माल से लदे वाहनों को परिचालन जारी रखने की बात कही है।
पाकिस्तान ने 19 अप्रैल को अगले दो हफ्तों के लिए भारत को कैटेगरी-सी के देशों की लिस्ट में डाल दिया था। इसके तहत भारत से हवाई यात्रा या बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान आने वाले यात्रियों पर रोक लग गई है।
ब्रिटेन ने भारत को ‘रेड लिस्ट’ में डाल दिया है। इसका मतलब हुआ कि कोई भी भारतीय ब्रिटेन की यात्रा नहीं कर सकता। अगर कोई ब्रिटिश भारत की यात्रा करके देश लौटेगा, तो उसे 10 दिन होटल में क्वारंटाइन रहना होगा। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हाई रिस्क देशों की लिस्ट में रखते हुए ‘रेड लिस्ट’ में डाल दिया है। इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आने-जाने वाली उड़ानों पर रोक लग गई है।
हॉन्गकॉन्ग सरकार ने भी 20 अप्रैल से अगले 14 दिनों के लिए भारत से यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया।
न्यूजीलैंड भी भारत से आने वाले लोगों के लिए अपने यहां प्रतिबंध लगा चुका है. इस महीने की शुरुआत में ही 8 अप्रैल को 23 यात्रियों के संक्रमित पाए जाने के बाद न्यूजीलैंड ने भारत से किसी भी यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया।
वहीं, अमेरिका ने भी अपने नागरिकों को भारत की यात्रा ना करने की सलाह दी है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल ने एक एडवाइजरी कर अपने नागरिकों से भारत की यात्रा करने से बचने को कहा है। साथ ही अमेरिका ने कहा है कि अगर किसी के लिए भारत की यात्रा करना जरूरी भी है, तो वैक्सीन लगवाकर ही यात्रा पर जाएं।
आपको बता दें कि भारत में रविवार को एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड 3,49,691 नए मामले सामने आए, जबकि इस जानलेवा वायरस की वजह से 2767 लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी। इसके साथ ही देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1 करोड़ 69 लाख 60 हजार172 हो गए हैं। जबकि एक्टीव केसों की संख्या 26 लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं इस वायरस की वजह से भारत में अबतक 1 लाख 92 हजार 311 लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी है।