
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के बीच पैठ बनाने और कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा भरने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस क्रम में सोमवार को नमो ऐप के जरिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा, ‘कर्नाटक का चुनाव भाजपा के कार्यकर्ता नही बल्कि कर्नाटक की जनता लड़ रही है।‘ युवाओं की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि कर्नाटक के युवाओं ने हर क्षेत्र में खुद को साबित किया है।
कर्नाटक के युवाओं की तारीफ
युवाओं की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि कर्नाटक के युवाओं ने हर क्षेत्र में खुद को साबित किया है। प्रधानमंत्री ने बैडमिंटन प्लेयर अश्विनी पोनप्पा का उल्लेख किया और कहा, भारत की प्रतिभावान बैडमिंटन खिलाड़ियों में कर्नाटक की बेटी पोनप्पा शामिल हैं।
कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘देश में निराशा पैदा करना ही कांग्रेस का काम है, क्योंकि वो खुद निराश है। बेरोजगारी के लिए यूपीए जिम्मेवार है, हम युवाओं के लिए नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
सत्ता में आने के बाद…
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं चाहता हूं लोकतंत्र में वाद विवाद हो, चर्चा हो परंतु हिंसा का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। भाजपा की ओर से कर्नाटक को पांच वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स सेंटर दिया जाएगा। साथ ही हम राज्य भर में 60 बीपीओ कंपलेक्स के निर्माण की योजना बना रहे हैं। कर्नाटक में लगभग 1 लाख युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
बता दें कि 1 मई से ही उन्होंने कर्नाटक में चुनाव प्रचार की कमान अपने हाथ में ले रखी है और अब वे पार्टी कार्यकर्ताओं को भी नमो मंत्र दे रहे हैं। इसकी जानकारी पीएम ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘हमारे युवा कार्यकर्ता जोश से लबरेज हैं और केंद्र सरकार के बेहतर काम को लोगों तक पहुंचाने में काफी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और लगातार पार्टी की आगे पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।’
कर्नाटक चुनाव में नमो ऐप की भूमिका
इससे पहले एक मई को पीएम मोदी ने भाजपा के किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से भी नमो ऐप के जरिये संवाद किया था और उनका मनोबल बढ़ाने की कोशिश की थी। कर्नाटक चुनाव के मद्देनजर उन्होंने 1 मई से अपना चुनावी अभियान शुरू किया था और पहले ही दिन धुआंधार तीन रैलियां की थी। वहीं, राज्य में पीएम की रैली में बढ़ते जनसैलाब के बाद रैलियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। अब वे राज्य में कुल 21 रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे भाजपा और कांग्रेस की आक्रामकता बढ़ती जा रही है। लगातार दोनों ही दल के शीर्ष नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। कर्नाटक में 12 मई को मतदान होगा, जबकि 15 मई को चुनाव के परिणाम घोषित किये जाएंगे।