ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद मध्य प्रदेश में उनके समर्थक मंत्री भी बदल रहे ट्विटर बायो

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया(Jyotiraditya Scindia) ने ट्विटर हैंडल पर अपना बॉयो स्टेटस (Twitter status) बदल लिया है। उन्होंने पूर्व के सरकारी पदों और कांग्रेस का जिक्र हटाकर खुद को समाजसेवी और क्रिकेट प्रेमी बताया है। इस बदलाव से राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई, जिस पर ज्योतिरादित्य ने कहा कि मैंने क्षेत्र की जनता की सलाह पर अपने ट्विटर पर बायो को छोटा किया है।

इसको लेकर जो भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं वो निराधार हैं। खास बात यह भी रही कि इसके बाद मध्य प्रदेश में उनके समर्थक मंत्रियों ने भी अपनी ट्विटर प्रोफाइल पर बॉयो बदलना शुरू कर दिया है। कैबिनेट मंत्री इमरती देवी ने ट्विटर से मंत्री हटा लिया है। महाराष्ट्र में हुए विधानसभा (Maharashtra Assembly Election) में चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रभारी बनाया गया था। वे लगातार मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में अपनी ही पार्टी की कमलनाथ सरकार (Kamal Nath Government) पर सवाल भी उठाते रहे हैं।

नईदुनिया के राजनीतिक सम्पादक ऋषि पाण्डेय ने इस घटनाक्रम का विश्लेषण किया और बताया कि सिंधिया मध्य प्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेता हैं और लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर उनकी दावेदारी है, लेकिन अब तक उन्हें यह मौका नहीं मिला है। लोकसभा चुनाव हारने के बाद माना जा रहा था कि उन्हें नई जिम्मेदारी दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद भी उन्हें वो स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार हैं। पार्टी में उनकी लगातार उपेक्षा हो रही है। बहरहाल, सिंधिया के इस कदम को मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने सामान्य बताया है। (देखिए वीडियो)

बता दें. पिछले दिनों उन्हें मध्य प्रदेश की प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (MP PCC President) बनाए जाने की मांग भी उठी थी। लेकिन कांग्रेस आलाकमान ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Assembly Election) में जीत के बाद से अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने को लेकर जब ज्योतिरादित्य सिंधिया से सवाल किया गया था तो उन्होंने कहा था कि मैं जनता का सेवक हूं।

E-Paper