आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे अमित शाह, मुंबई में करेंगे रैली

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज से अपने चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद करेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चुनाव प्रचार का बिगुल फूकेंगे। अमित शाह मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्‍को मैदान में रैली करेंगे और पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

इस दौरान जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाली संविधान की धारा 370 हटाने के मुद्दा केंद्र में रहेगा। वहीं पाकिस्तान, विकास आदि मुद्दों को लेकर विपक्षी नेताओं पर भी अमित शाह हमला बोलेंगे। बताया जा रहा है कि इस रैली में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस, महाराष्ट्र भाजपा इकाई के अध्‍यक्ष चंद्रकांत पाटिल, इंचार्ज भूपेंद्र यादव और अन्‍य भाजपा के नेता उपस्थित रहेंगे। इस दौरान अमित शाह कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र देंगे।

सूत्रों के अनुसार, अभी तक अमित शाह की शिवसेना पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात का कोई प्लान नही है। महाराष्‍ट्र में अभी भी शिवसेना के साथ गठबंधन को लेकर पेंच उलझा हुआ है। जहां शिवसेना 50-50 फीसद के फॉर्मूले पर सीटों की मांग कर रही है। वहीं भाजपा अभी इस पर कोई फैसला नहीं कर  पाई है। जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम के बाद अमित शाह अपने व्यक्तिगत कार्यक्रम में जाएंगे।

E-Paper