शादी का दबाव बना रही थी नाबालिग प्रेमिका, होटल में ले गया प्रेमी और फिर उठाया ऐसा कदम

नाबालिग लड़के के अपने ही साथ पढ़ने वाली नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध बन गए। मुंबई ले जाने के बहाने युवक उसे अपने साथ एक होटल में ले गया और वहां रखा। इसके बाद उसने अपने साथियों की मदद से उसकी हत्या कर दी और फिर शव में लगाकर उसे खेतों में फेंक दिया। पुलिस ने जब जलता शव देखा तो उसकी पहचान करवाई। तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चौथा फरार है। चारों आरोपित नाबालिग हैं। मुख्य आरोपित के मुताबिक लड़की उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। 

एसपी (आइ) वजीर सिंह खैहरा ने बताया घर से भागने के दूसरे ही दिन लड़की की हत्या कर दी गई। हत्या कर शव को खेतों में जला आरोपित भाग गए थे। इसी दौरान पुलिस एक पेट्रोलिंग पार्टी वहां से गुजर रही थी। वे खेतों में आग लगी देखकर बुझाने के लिए आगे बढ़े तो वहां लड़की का शव जल रहा था। शव 70 फीसद जल चुका था। पुलिस को जांच के दौरान पता लगा कि फिल्लौर थाना क्षेत्र  में एक लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई गई है। जब उसके परिजनों को बुलवाया गया तो उन्होंने उसकी पहचान कर ली।

परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी पांच या छह सितंबर से लापता थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो गांव के ही एक नाबालिग लड़के पर शक हुआ। पूछताछ के दौरान मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपित के दो और साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और चौथा आरोपित फरार है। मुख्य आरोपित के साथ एक या डेढ़ साल से लड़की के प्रेम संबंध थे। वह लड़की को पहले घर से लेकर गोराया गया। यहां एक होटल में रखा। इसके बाद वह उसे उड़ापड़ लेकर आया और साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी। शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए तेल छिड़क कर उसमें आग लगा दी थी। पुलिस के मुताबिक चौथा आरोपित हत्या किए जाने के दौरान वहां मौजूद नहीं था।

एसपी (आइ) ने बताया कि जब पुलिस को लड़की का शव मिला था वह 70 फीसद तक जल गई थी। उसकी पहचान मुश्किल थी। उसके परिजनों ने उसके दाहिने हाथ में बंधी गोल्डन कलर की घड़ी व उसकी आइ ब्रो से उसकी शिनाख्त की। शिनाख्त होने के बाद पुलिस को हत्यारोपियों तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगा और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

मृृतका व उसका प्रेमी बारहवीं के स्टूडेंट

नाबालिग लड़की नृशंस हत्या में शामिल चारों आरोपित 12वीं तक ही पढे। दो आरोपित अभी पढ़ रहे थे। मृतका भी 12वीं की ही छात्रा थी। सभी फिल्लौर थाना क्षेत्र के गांवों के रहने वाले हैं।

हत्या से पहले दुष्कर्म की भी जांच कर रही है पुलिस

एसपी (आइ) वजीर सिंह खैहरा ने बताया कि पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि कहीं लड़की के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म तो नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जब तक वह होटल में रखी थी उस समय के दौरान केवल मुख्य आरोपित ही आया था। ज्यादातर समय वह होटल में अकेली ही रही थी।

आरोपित बोला-आत्महत्या की धमकी दे रही थी लड़की

पुलिस जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपित संग घर से भाग जाने के बाद लड़की शादी के लिए दबाव डाल रही थी जिसके लिए वह तैयार नहीं था। आरोपित के किसी और से प्रेम संबंध थे। उसने अपने दोस्तों से सलाह की और पूरी योजना के साथ प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपित ने भी बताया कि लड़की उस पर दबाव बनाने के लिए आत्महत्या की धमकी दे रही थी और साथ में यह भी कहती थी कि वह अपने सुसाइड नोट में उसे जिम्मेदार ठहराएगी। इस कारण उसने हत्या को अंजाम दिया।

लड़की के बैग से मिले पांच मोबाइल व एक घड़ी

पुलिस ने हत्यारों से लड़की का वह बैग भी बरामद कर लिया है, जिसे लेकर वह घर से लापता हुई थी। बैग से पांच महंगे मोबाइल फोन, एक सिटीजन की घड़ी व कुछ रुपये बरामद हुए हैं। लड़की के पास ये फोन कहां से आए इसका जवाब अभी पुलिस नहीं दे पाई है। दो मोबाइल फोन एप्पल के दो सैमसंग व एक ज्योनी कंपनी का है। पुलिस अधिकारियों ने लड़की के घर से विदेशी मुद्रा व ज्यादा नकदी ले जाने की बात से इन्कार किया है।

मुंबई ले जाने का बहाना कर होटल लाया था आरोपित

मुख्य आरोपित ने एक शातिर अपराधी की तरह अपने तीन दोस्तों के साथ हत्या की प्लानिंग की। इस प्लानिंग को तैयार करने वाला चौथा साथी है, जो अभी फरार है। रिंकू लड़की को गोरायां के होटल से एक मोटरसाइकिल पर लेकर निकला और उड़ापड़ घटनास्थल पर पहुंचा। लड़की को लेकर आने से पहले उसी मोटरसाइकिल से पहले उसने दो दोस्तों को घटनास्थल पर लाकर छोड़ दिया था जो उसका वहां इंतजार कर रहे थे। लड़की को तीनों ने मिलकर तेजधार हथियार से हत्या कर दी और तेल छिड़ककर आग लगाकर वह फरार हो गए।

E-Paper