लोहरदगा में माओवादियों के नाम पर प्राइवेट डॉक्टर से मांगी 5 लाख की रंगदारी

 किस्को थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में एक डॉक्टर से माओवादियों द्वारा पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। माओवादियों की धमकी के बाद से डॉक्टर का परिवार दहशत में है। मामले की शिकायत दो दिन पूर्व थाने में की गई है, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पूरे परिवार में भय व्याप्त है।

सूरजबली प्रजापति पिछले 20 साल से डॉक्टरी की निजी प्रैक्टिस कर रहे हैं। वे अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं। सूरजबली ने बताया कि बीते एक सितंबर को लगभग 4:30 बजे एक फोन आया। इसमें माओवादियों के नाम पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। कहा गया कि राशि पेशरार लाकर पहुंचा देना। उन्होंने बताया है कि राशि नहीं के एवज में पूरे परिवार वालों को अगवा कर जान से मारने की धमकी दी गई। माओवादियों के नाम पर इस तरह के धमकी मिलने के बाद से डॉक्टर सूरजबली प्रजापति के साथ उनकी पत्नी हरगीता सुमित्रा, पुत्री आकांक्षा सुमित्रा और पुत्र सत्यम स्वमेत्र काफी डरे-सहमे हैं।

डॉक्टर ने बताया है कि परिवार की जानमाल की रक्षा के लिए किस्को थाना में दो दिन पूर्व में मामले को लेकर शिकायत की गई। लेकिन किस्को पुलिस द्वारा अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने से हमारे परिवार वालों में भय व्याप्त है। उन्होंने बताया कि फोन पर धमकी मिलने के बाद से हम सभी अपना घर छोड़कर दूसरों के घरों में रात बिताने को विवश हैं।

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ डॉक्टरी का कार्य भी प्रभावित हुआ है। पूरे मामले पर किस्को थाना प्रभारी जगलाल मुंडा ने कहा कि निजी प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टर द्वारा थाना में लिखित शिकायत दी गई है। पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल शुरू कर दी गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही धमकी देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

E-Paper