गीतामय हुआ लंदन शहर, पवित्र श्‍लोकोच्‍चारण व शंख ध्‍वनि से जागृत हुआ ब्रिटेन

 आज यहां का नजारा बेहद अद्भूत था। पाश्‍चात्‍य संस्‍कृ‍ति वाले देश ब्रिटेन में भारतीय धर्म और संस्‍कृति का परचम लहरा रहा है। भगवत गीता के पवित्र श्‍लोकों के उच्‍चारण और शंखनाद से यहां का वातावरण गूंज रहा था। इसके लंदन के संग मानो पूरा ब्रिटेन जागृत हो रहा था। लंदन में अंतरराष्‍ट्रीय गीता महोत्‍सव के दूसरे दिन भारी संख्‍या में लोग उमड़े और चारों ओर पीत वस्‍त्र धारण किए जनसमूह दिख रहा था।

अंतरराष्‍ट्रीय गीता जयंती महोत्‍सव के दूसरे दिन यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन के लोगान हाल में भव्‍य समाराेह का आयोजन हुआ। इसमें गीता मर्मज्ञों ने भगवत गीता पर व्याख्यान दिए। समारोह में ब्रिटेन के विभिन्न शहरों के काफी संख्‍या में लोग आए। इनमें भारतीय मूल के लोगों के साथ-साथ ब्रिटिश नागरिक व अन्‍य देशों के लोग भी थे।

समारोह में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के पदाधिकारियों सहित हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल, हरियाणा के राज्यपाल सत्य नारायण आर्य के प्रतिनिधि के रूप में उनके सचिव विजय दहिया और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा से 174 गणमान्य नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल में सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, करनाल की महापौर रेणूबाला गुप्ता, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव विनोद भ्याना भी शामिल हैं। हरियाणा के पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल भी इस मौके के मौजूद थे।

इससे पहले शुक्रवार को ब्रिटेन के संसद भवन हाउस ऑफ कॉमन्स का परिसर भारतीय धर्म और संस्‍कृति से मुखरित हुआ। हाउस ऑफ कॉमन्स का सभागार में समाराेह हुआ। पूरा परिसर गीता के श्‍लोकों से गुंजायमान हो गया। इसके साथ ही तीन दिन के अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में यूके की सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी के वाइस चेयरमैन पॉल स्कल्ली और विशेष अतिथि हरियाणा के उद्योगमंत्री विपुल गोयल मौजूद थे।

E-Paper