झारखंड के गुदड़ी में मुठभेड़ में मारा गया एक नक्सली, तीन हथियार बरामद

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सीआरपीएफ और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआरपीएफ ने एक नक्सली को मार गिराया। बाकी नक्सली भाग गए। इनके पास से तीन हथियार और भारी संख्या में मोबाइल बरामद हुआ है।

बताया गया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआइ के नक्सली रनिया और गुदड़ी थाना के सीमावर्ती क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य पुलिस  ने इनकी घेराबंदी की। पुलिस बल को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक नक्सली मारे गए। पुलिस को भारी पड़ता देख शेष नक्सली भाग निकले।

पुलिस टीम पर नक्सलियों ने किया था हमला

कोल्हान में हाल के दिनों में नक्सली गतिविधियां बढ़ गई है। 14 जून को सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू साप्ताहिक हाट में पांच पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उनके हथियार लूट लिए गए थे। पुलिस टीम पर हमला पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर ब्लॉक के साथ झारखंड की सीमा के पास हुआ था। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर थे और गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं।

विस्फोट में घायल हो गए थे 26 सुरक्षा कर्मी

इससे पहले 28 मई को सरायकेला-खरसावां जिले के ही कुचाई थाना क्षेत्र में राय सिंदरी पहाड़ियों पर नक्‍सलियों के विस्फोट में केंद्रीय पुलिस बल और राज्य पुलिस के लगभग 26 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। पिछले साल से पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के सोनुआ में मुठभेड़ों की श्रृंखला है।

E-Paper