इलाहाबाद में आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी गई, तनाव, प्रशासनिक अमला मौके पर

इलाहाबाद (जेएनएन)।। झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम कालोनी में डा. भीमराव राम जी आंबेडकर की प्रतिमा शुक्रवार देर रात किसी समय अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दी गई। इस घटना से क्षेत्र में तनाव फैल गया है। फूलपुर से समाजवादी पार्टी सांसद नागेन्द्र सिंह पटेल समेत सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद हैं। शनिवार सुबह से ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।

प्रतिमा को तत्काल बदलने व आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी की मांग गुस्साए लोग कर रहे हैं। तनाव देख फोर्स बुला दी गई है। पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं। सीओ (पंचम) शिवराज का कहना है कि पहले भी प्रतिमा तोड़ी गई थी। एसएसपी आकाश कुलहरि ने लोगों से शाति बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि अराजकतत्वों को चिन्हित किया जा रहा है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों को शनिवार सुबह प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी मिली।

इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन फानन पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। सपा और बसपा के नेताओं का भी आना शुरू हो गया। नौ बजे तक करीब दो सौ लोग मौके पर जमा हो गए। नारेबाजी शुरू कर दी गई। नाराजगी शांत करने के लिए अफसरों ने दूसरी प्रतिमा लगवाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग नहीं माने।

उनका कहना था कि जैसी पहले लगी थी वैसी ही लगाई जानी चाहिए।सपा व बसपा के नेताओं ने धरना भी शुरू कर दिया है। अफसर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी।

E-Paper