आप ने तय किए उम्मीदवार, जयहिंद फरीदाबाद, पृथ्वीराज अंबाला व कृष्ण कुमार करनाल से होंगे प्रत्याशी

हरियाणा में महागठबंधन का फंडा फेल हो जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने हिस्से की तीन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का औपचारिक एेलान कर दिया है। जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के गठबंधन में करनाल, फरीदाबाद व अंबाला सीटें आप के हिस्से में आई हैैं। आप ने फरीदाबाद में ब्राह्मण, करनाल में गुर्जर तथा अंबाला में दलित उम्मीदवारों पर दांव खेला है।

करनाल में अधिवक्ता कृष्ण कुमार को टिकट देने की तैयारी

आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नवीन जयहिंद फरीदाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनकी इच्छा करनाल लोकसभा सीट पर ताल ठोंकने की थी, लेकिन आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल जातिगत समीकरणों के आधार पर नवीन जयहिंद को फरीदाबाद से ताल ठोंकने के लिए कह सकते हैैं।

नवीन जयहिंद ने पिछला लोकसभा चुनाव रोहतक से लड़ा था। इस बार रोहतक लोकसभा सीट जननायक जनता पार्टी के खाते में गई है। यहां से कांग्र्रेस के दीपेंद्र हुड्डा और भाजपा के डा. अरविंद शर्मा चुनाव लड़ रहे हैैं। जननायक जनता पार्टी ने छात्र नेता प्रदीप देसवाल को टिकट दिया है। अंबाला में पूर्व डीजीपी पृथ्वी सिंह को आम आदमी पार्टी का टिकट दिया जा सकता है, जबकि करनाल में अधिवक्ता कृष्ण कुमार पर दांव खेला जा सकता है।

इसलिए फरीदाबाद में ताल ठोंकेंगे नवीन जयहिंद

नवीन जयहिंद को फरीदाबाद लोकसभा सीट पर शिफ्ट करने के कई अहम कारण हैैं। यहां भाजपा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कांग्र्रेस ने ललित नागर को मैदान में उतार रखा है। इस लोकसभा सीट पर ब्राह्मण समुदाय की करीब दो लाख वोट हैं। दूसरा यह क्षेत्र दिल्ली से सटा हुआ है। पूर्व हुड्डा सरकार में आनंद कौशिक और शिवचरण शर्मा यहां से विधायक रह चुके हैं।

मनोहर सरकार में टेकचंद शर्मा और मूलचंद शर्मा भी विधायक हैं। दूसरा पूर्वांचल समाज का यहां काफी रसूख है, जिसके चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने करनाल की बजाय फरीदाबाद से नवीन जयहिंद को मैदान में उतारने की तैयारी की है। जननायक जनता पार्टी का वोट भी जयहिंद के काम आएगा।

E-Paper