पारा में टै्रक्टर ट्राली पुल से गिरी, चार की मौत

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में बाराबंकी के देवा शरीफ से जियारत करके कन्नौज लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि पचास से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे लोगों को निकाला और उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। 
मिली जानकारी के अनुसार कन्नौज से टै्रक्टर ट्राली पर पचास लोग सवार होकर बाराबंकी स्थित देवा शरीफ में जियारत करने पहुंचे थे। जियारत करने के बाद सभी ट्रॉली पर बैठकर वापस कन्नौज जा रहे थे। रास्ते में बुद्धेश्वर के आगे पुल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली से चालक का नियंत्रण छूट गया। जब तक वह संभाल पाता ट्रॉली पुल से नीचे आ गिरी। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 50 से अधिक लोग सवार थे जिनमें से 3 महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में लगभग 26 बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएम कौशल राज शर्मा, एसपी पूर्वी सर्वेश मिश्रा, सीओ आलमबाग विवेक सिन्हा, समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक तीन महिलाओं और एक पुरुष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है।

E-Paper