घर के किचन में मिले रहस्यमयी जीव, लोग बता रहे ‘दूसरे ग्रह का छोटा चूहा’
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में रहने वाली एक महिला अपने घर के किचन में काम कर रही थी। तभी उसे फर्श पर चार रहस्यमयी जीव दिखे, जिसे देखकर वो हैरान रह गई। वो जीव दिखने में तो किसी चूहे की तरह लग रहे थे, लेकिन असल में वो चूहे थे नहीं। 

हैरानी की बात तो ये है कि अलग-अलग प्रजातियों के जीवों पर शोध करने वाले एक्सपर्ट भी इन जीवों को नहीं पहचान सके कि आखिरकार ये चीज है क्या। लोगों ने इन अजीबोगरीब जीवों को ‘बेबी रैट एलियंस’ यानी दूसरे ग्रह का छोटा चूहा बताया है।
महिला के बेटे टिम क्लर्क ने इन अजीबोगरीब जीवों का एक वीडियो अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया है। साथ ही उसने लोगों से इन जीवों की पहचान करने की भी अपील की है। टिम का कहना है कि वो जीव किसी डरावनी फिल्म के जीवों की तरह दिख रहे थे।
टिम ने 31 जनवरी को अपने फेसबुक पर इन रहस्यमयी जीवों का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, ‘मेरी मां को आज सुबह किचन के फ्लोर से ये जीव मिले। इनमें से एक अभी भी जिंदा है। क्या कोई जानता है कि ये क्या हैं? निक्की इन्हें देखकर इतना डर गई है कि उसे अगले कई हफ्तों तक डरावने सपने आएंगे’।
कई लोगों ने टिम के वीडियो पर कमेंट्स भी किए हैं। कुछ लोग इन जीवों को डरावनी फिल्मों से निकले जीव बता रहे हैं तो वहीं एक फेसबुक यूजर ने लिखा है, ‘इन जीवों को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे किसी ने चूहे के बच्चे को नीचे से काट दिया है’। अब असल में ये कौन से जीव हैं, ये अभी तक रहस्य ही बना हुआ है।