सीतापुर में मिड डे मील खाने से 52 बच्चों की हालत बिगड़ी, 2 जिला अस्पताल में भर्ती

सीतापुर। खैराबाद थाना क्षेत्र के रहीमाबाद गांव में स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में रह रहे 52 बच्चे आज फ़ूड पॉइजिनिंग का शिकार हो गए। सभी बीमार बच्चों का विद्यालय परिसर में ही उपचार किया जा रहा है। जिनमे से 2 बालिकाओं की हालत ज्यादा बिगड़ने पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सभी बच्चे पेट मे जलन होने की शिकायत कर रहे हैं। बच्चों ने विद्यालय प्रबंधन पर जला व कच्चा खाना परोसे जाने का आरोप लगाया है।
जिला अस्पताल में भर्ती बालिकाओं के अनुसार कभी कभी खाने में कीड़े निकलना आम बात है। अक्सर उन्हें इसी तरह का भोजन परोसा जाता है। जिससे अक्सर उन्हें बीमार होना पड़ता है। लेकिन किसी का भी इस ओर ध्यान नही जाता। बच्चियों की माने तो शिकायत करने पर एक दो दिन ही उन्हें शुद्ध खाना नसीब हो पाता है। फिर स्थिति पुराने हाल में पहुंच जाती है। आज यह कोई पहला वाकया नही है। इससे पहले भी अगस्त 2017 में मिड डे मील खाने से 31 बच्चे बीमार हुए थे। बीमार बच्चों को विद्यालय प्रशासन द्वारा कमरे में बंद कर दिया गया था। मामला तूल पकड़ने के बाद बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद बच्चों की इस हालत को लेकर विद्यालय ने खूब सुर्खियां भी बटोरी थी। लेकिन एक बार फिर इस तरह से बच्चों का बीमार होना विद्यालय प्रबंधन पर सवालिया निशान लगा रहा है।
E-Paper