पंजाब में आप पार्टी को लगा एक और बड़ा झटका, विधायक बलदेव सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी को एक और झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के एक और विधायक ने पार्टी से इस्‍तीफा दे दिया है। जैतो विधानसभा क्षेत्र से आप के विधायक मास्टर बलदेव सिंह ने पार्टी की प्राथमिक प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले एचएस फूलका और सुखपाल सिंह खैहरा ने आप से इस्‍तीफा दे दिया था।

जैतो से अाम आदमी पार्टी के विधायक मास्‍टर बलदेव सिंह ने बुधवार को अपना इस्‍तीफा पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक व दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजा। उन्‍होंने पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्‍यता से इस्‍तीफा दिया है। बलदेव सिंह ने पार्टी नेतृत्‍व पर पार्टी के सिद्धातोंं और नीतियों से अलग हटने का अारोप लगाया है।

अरविंद केजरीवाल को भेजे पत्र में मास्‍टर बलदेव सिंह ने लिखा है, मुझे आप की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देेने पर पीड़ा हो रही है। पार्टी ने पूरी तरह से अपनी मूल विचारधारा और सिद्धांतों को छोड़ दिया है। अन्ना हज़ारे द्वारा शुरू किए गए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से मैं गहराई से प्रेरित हुआ और आम आदमी पार्टी के गठन पर इसका हिस्सा बनने का फैसला किया।

उन्‍होंने लिखा है पंजाब की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति को सुधारने के लिए मैं अपनी हेड टीचर की सरकारी नौकरी छोड़कर आप में शामिल हुआ। मेरे इस कदम से मेरे परिवार में खलबली मच गई , फिर भी मैंने आपके (केजरीवाल) और आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए वादों के कारण जोखिम उठाना पसंद किया।

बलदेव सिंह ने पत्र में लिखा है, मेरे जैसे कई पंजाबियों ने आप द्वारा बनाए गए तीसरे विकल्प के माध्यम से पंजाब की दुर्दशा को सुधारने का सपना देखा। लोगों ने2014 के लोकसभा चुनावों में चार सांसदों को राज्य से भेजकर इसका समर्थन किया। उस समय अन्‍य राज्‍यों में आप के अधिकतर उम्मीदवारों की जमानत जब्‍त हो गई थी आप ने पंजाबियों की क्षमताओं में विश्वास व्यक्त करने और उन्हें पुरस्कृत करने के बजाय बाहरी लोगों का राज्‍य में पार्टी पर थोपना पसंद किया। यहां इसका विरोध किया गया, लेकिन उस पर ध्‍यान नहीं दिया गया।

मास्‍टर बलदेव सिंह ने पत्र में 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार और सुखपाल सिंह खैहरा काे पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष के पद से हटाने का मुद्दा भी उठाया है। उन्‍होंने अरविंद केजरीवाल और आप नेतृत्‍व के पंजाब में ‘दलित प्रेम’ कार्ड खेलने पर भी सवाल उठाया है।

उन्‍होंने केजरीवाल द्वारा शिअद नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने के लिए भी उनपर हमला किया है। बलदेव सिंह ने कहा है कि मजीठिया से माफी मांगने पर आपकी (केजरीवाल) राजनीति के दोहरे मानदंड का खुलासा हुआ।

उन्‍होंने केजरीवाल पर तानाशाही, अहंकारी और निरंकुश कार्यशैली अपनाने का अारोप लगाया है। उन्‍होंने कहा है कि इसी कारण आप के प्रमुख नेता प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव,पंजाब से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी, एचएस खालसा, सुच्चा सिंह छोटेपुर, गुरप्रीत घुग्गी, आशीष खेतान, आशुतोष, एचएस फूलका आदि सभी ने पार्टी छोड़ दी है या उनको अपमानजनक तरीके से बाहर निकाल दिया गया है।

मास्‍टर बलदेव सिंह के इस्‍तीफे से पंजाब मेें आम आदमी पार्टी को पंजाब में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पंजाब विधानसभा में आप की ताकत भी कम हो गई है। इससे आप के विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के दर्जा के लिए खतरा पैदा हो गया है।

E-Paper