चांदनी की विदाई: श्रीदेवी की एक झलक को उमड़ने लगी भीड़, दोपहर बाद अंतिम संस्कार

 ‘वो चाहती थीं कि जब वो इस दुनिया से रुख़सत हों तो उनकी विदाई आम न हो। सब कुछ ख़ास हो। हर तरफ़ सफेदी हो। चांदनी सी चमचमाती सफेदी। ‘ आज ठीक वैसा ही होगा। श्रीदेवी को ‘सफ़ेद विदाई’ देने की सारी तैयारी कर ली गई है।

श्रीदेवी को अंतिम विदाई देने के लिए सफ़ेद फूल से सजावट की गई है। वो ट्रक जिस पर श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा जाएगा उसे भी सफ़ेद रंग से रंगा गया है।श्रीदेवी का पार्थिव शरीर कल रात मुंबई पहुंच चुका है। मुंबई एयरपोर्ट से एम्बुलेंस में श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को उनके लोखंडवाला स्थित घर पर ले जाया गया। जैसे ही लोगों को पता चला तो श्रीदेवी के घर के बाहर उनके फैंस की भीड़ इकठ्ठा हो गई इस आस में कि उनकी एक आखिरी झलक देखने को मिल जाय। पहली लेडी सुपरस्टार और हवा हवाई के नाम से मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी भले ही अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन उनका सिनेमा के लिए योगदान हमेशा यादगार रहेगा और लाखों दिलों में वो हमेशा जिंदा रहेंगी। इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि, जब मुंबई के लोखंडवाला इलाके स्थित घर पर श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई एयरपोर्ट से पहुंचा, तो घर के सामने लोगों का हुजूम नज़र आया। मंजर कुछ यूं था कि, किसी की आंखें उनकी पसंदीदा अभिनेत्री की आखिरी झलक देखने को प्यासी थी तो किसी की आंखों में आंसू थे जो रूक ही नहीं रहे थे। किसी ने कैमरे में तो किसी ने अपने मोबाइल में इस पूरे घटनाक्रम को कैद किया। कुछ देर पहले सलमान खान श्रीदेवी के घर पर पहुंचे हैं। श्रीदेवी के घर के बाहर हुजूम इतना था कि पुलिस प्रशासन को बार-बार वहां पर लोगों को मेन गेट से हटाना पड़ रहा था।

आपको बता दें कि, जिस समय दुबई से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा उस समय अनिल कपूर और उद्योगपति अनिल अंबानी मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद एयरपोर्ट पर मौजूद थे। श्रीदेवी के परिवार द्वारा जारी किये गए एक बयान में बताया गया है कि श्रीदेवी का पार्थिव शरीर लोगों को अंतिम दर्शन के लिए सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक मुंबई के अंधेरी इलाके में सेलिब्रेशन क्लब में रखा जायेगा। श्रीदेवी की अंतिम यात्रा दो बजे अंधेरी के लोखंडवाला से निकलेगी और साढ़े तीन बजे जुहू-विले पार्ले स्थित सेवा समाज श्मसान भूमि में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

E-Paper