स्थापना दिवस पर पूरा झारखंड ओडीएफ घोषित, सुबोधकांत ने सरकार पर साधा निशाना

 झारखंड स्थापना दिवस पर वीरवार को रघुवर सरकार ने सौगातों की बरसात की। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पूरे झारखंड को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) किया। इस मौके पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर, लोहरदगा तथा हजारीबाग को पूर्ण विद्युतीकरण जिले की घोषणा की। इससे पहले रामगढ़, बोकारो, धनबाद तथा रांची जिले पूर्ण विद्युतीकरण घोषित किए जा चुके हैं।  

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्लस टू शिक्षकों, राजस्व उप निरीक्षकों, अमीनो आदि को नियुक्ति पत्र दिया। विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त करने वाले 10 लोगों को झारखंड सम्मान मिला। प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये मिले। इनमें प्रसिद्ध तीरंदाज मधुमिता कुमारी और हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान भी शामिल हैं।

राज्यपाल ने स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा कि 18 साल में झारखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। चार सालों में आदिवासियों के विकास के लिए कई काम हुए। पलायन रोकने के लिए रोजगार से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने विकास में औऱ तेजी लाने के लिए समन्वित विकास पर जोर दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा है।

सुबोधकांत सहाय ने सरकार पर साधा निशाना
राज्य की स्थापना दिवस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने सरकार पर साधा निशाना। कहा 18वें साल में कुपोषित और बेरोजगार प्रदेश है। राज्य की अब तक कोई दशा दिशा तय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले दुमका में भूख से एक आदिवासी की मौत हो जाती है और सरकार जश्न मना रही है।

E-Paper