पटना के शेल्टर होम में फिर बड़ी घटना, फिल्‍मी स्‍टाइल में फरार हुईं चार लड़कियां

 बिहार की राजधानी पटना के आश्रय गृहों की सुरक्षा की स्थिति एक बार फिर से सामने आ गई है। ताजा मामला पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित आशा किरण संस्था का है। शनिवार की देर रात शेल्टर होम से चार नाबालिग लड़कियां बिलकुल फिल्‍मी स्‍टाइल में फरार हो गईं। 

भागने के लिए लड़कियों ने खिड़की का सहारा लिया। इसके लिए उन्होंने खिड़की की ग्रिल में दुपट्टा बांधा और उसी के सहारे नीचे आकर भाग निकलीं। शेल्टर होम के कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज 
लड़कियों के भागने की सूचना के बाद आश्रय गृह में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी टीएन तिवारी ने बताया कि शेल्टर होम के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। 

12 और 16 साल की हैं लड़कियां 
शेल्टर होम से फरार चारों लड़कियां नाबालिग हैं। एक की उम्र 12 साल है तो तीन 16 साल की हैं। पुलिस का कहना है कि अक्टूबर में उन्हें आश्रय गृह लाया गया था। 

पहले भी हो चुकीं घटनाएं
विदित हो कि पूर्व में भी राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर में स्थित आसरा गृह से चार युवतियों ने खिड़की के रास्ते से फरार होने का प्रयास किया था, लेकिन वे कामयाब नहीं हुईं थीं। घटना के दो माह बाद फिर इसी आसरा गृह से दो युवतियां भागने में कामयाब हुईं थीं। उनमें एक दानापुर थाना क्षेत्र में मिली थी, जबकि दूसरी का आज तक कोई सुराग नहीं मिला है। इसके बाद से ही शेल्टर होम की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया था।

E-Paper