पीपली के जंगल में बारहसिंघा का शिकार, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अजीम नगर थाना क्षेत्र में पीपली के जंगल में कुछ लोग चोरी से वन्य जीवों का शिकार करने पहुंचे। इस दौरान एक बारहसिंघा शिकारियों के निशाने पर आ गया। शिकारियों ने उस पर गोली चलाई, जो उसके पिछले पैरों में लगी। वह जान बचाने के लिए भागकर मेहन्दी नगर गांव में आ गया। घायल बारहसिंघा को भागते देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
इस पर शिकारी वहां से भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर बानी एनिमल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हिफाजत अली बानी अपनी टीम के साथ पहुच गए।उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दी, जिस पर क्षेत्रीय वन अधिकारी केपी सिंह, वन दरोगा कुन्दन सिंह भंडारी, वन रक्षक हंसराज व अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए। तलाश करने पर वन विभाग की टीम को वह एक खेत में मृत पड़ा मिला। वन अधिकारियों ने बारहसिंघा का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में कर लिया है। संस्था के अध्यक्ष हिफाजत की ओर से घटना की तहरीर अजीमनगर थाने में दी है, जिस पर पुलिस ने वन्य जीव अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस शिकारियों की तलाश कर रही है।