दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी अब दुकान पर बैठकर पान बेचने लगे?

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की सिनेमा के पर्दे पर वापसी हो रही है. उनकी भोजपुरी फिल्म ‘यादव पान भंडार’ का फर्स्ट लुक सामने आ गया है जिसमें वो पान लगाते नज़र आ रहे हैं. इस फिल्म का निर्माण जाने माने फिल्मकार जितेश दुबे ने पायल दुबे के साथ मिलकर किया है. जितेश दुबे ने ‘धर्मवीर’, ‘मुन्नी बाई नौटंकीवाली’, ‘मारदेब गोली केहू ना बोली’ जैसी हिट फिल्में दी हैं. हरे रंग की जैकेट पहने मनोज तिवारी काफी जम रहे हैं. राजनीति में आने के बाद ये उनकी पहली फिल्म होगी.

मनोज तिवारी के पीआरओ रंजन सिन्हा ने बताया कि फिल्म ‘यादव पान भंडार’ में एक पान बेचने वाले की कहानी है, जिसमें मनोज तिवारी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि तिवारी करीब पांच साल बाद फिल्मी दुनिया में लौट रहे हैं. राजनीति में जाने के पूर्व वे अंतिम बार फिल्म ‘गोबर सिंह’ में नजर आए, मगर वे अक्सर भोजपुरी के विभिन्न मंचों पर नजर आते रहे हैं. उन्होंने भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए भी संसद में आवाज बुलंद करते रहे हैं.

रंजन सिन्हा ने कहा कि ‘यादव पान भंडार’ के निर्माता जितेश दूबे और पायल दूबे हैं, जबकि इस फिल्म का निर्देशन अजय कुमार ने किया है. इस फिल्म में मनोज तिवारी के अलावे गुंजन पंत, संजय पांडेय, बृजेश त्रिपाठी, सीमा सिंह, सी.पी.भट्ट, नीलिमा सिंह, रीना रानी, विकास सिंह बिरपन्न, विनोद मिश्रा, बालगोविंद बंजारा भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में संगीत मधुकर आनंद ने दिया है. 

E-Paper