यूपी: आज शाम 6 बजे से 48 घंटे तक शराब की दुकानें रहेंगी बंद

गौतमबुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शराब की दुकानें बुधवार शाम 6 बजे से 48 घंटे की अवधि के लिए बंद रहेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आदेश का अनुपालन गौतमबुद्ध नगर में सख्ती से सुनिश्चित किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, श्रीवास्तव ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि नियमानुसार चुनाव से 48 घंटे पहले शराब की दुकानें बंद हो जानी चाहिए। यहां, सभी अधिकृत शराब की दुकानें बुधवार शाम 6 बजे से शुक्रवार (26 अप्रैल) शाम 6 बजे तक या मतदान के समय की समाप्ति तक बंद रहेंगी।

दूसरे चरण में UP की इन 8 सीटों पर होगा मतदान
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में यूपी की 8 सीटें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में 26 अप्रैल को मतदान होगा। सभी राजनीतिक दलों ने इन सीटों पर अपने उम्मीदवार भी घोषित कर दिए है। जानकारी के मुताबिक, दूसरे चरण की 8 लोकसभा सीट के लिए 28 मार्च को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की गई थी। 8 अप्रैल को नाम वापसी के आखिरी दिन तीन उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया है। इसमें मेरठ से निर्दलीय प्रत्याशी मो अफजाल, अलीगढ़ से राष्ट्रीय जनसंचार दल के मुकेश कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी भूपेन्द्र पाल सिंह ने अपना नाम वापस लिया है। इस तरह दूसरे चरण की 8 सीटों के लिए कुल 91 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

1. मथुरा लोकसभा सीट से उम्मीदवार    
बसपा- सुरेश सिंह
कांग्रेस- मुकेश धनगर
भाजपा- हेमा मालिनी

2. मेरठ लोकसभा सीट से प्रत्याशी
बसपा- देवव्रत त्यागी
भाजपा- अरुण गोविल
सपा- सुनीता वर्मा

3. अमरोहा लोकसभा सीट से उम्मीदवार
बसपा- मुजाहिद हुसैन
कांग्रेस-सपा गठबंधन- दानिश अली
भाजपा- कंवर सिंह तंवर

4. गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से प्रत्याशी
बसपा- राजेंद्र सोलंकी
सपा- महेन्द्र नागर
बीजेपी-  डॉ महेश शर्मा

5. गाजियाबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार
बीजेपी- अतुल गर्ग
कांग्रेस- डॉली शर्मा
बसपा- नंद किशोर पुंडीर

6. अलीगढ़ लोकसभा सीट से यह प्रत्याशी मैदान में
सपा- बिजेंद्र सिंह
बसपा- हितेंद्र कुमार
बीजेपी- सतीश गौतम

7. बुलंदशहर लोकसभा सीट से उम्मीदवार
सपा-कांग्रेस गठबंधन- शिवराम वाल्मीकि
बीजेपी- भोला सिंह
बसपा- गिरीश चंद्र

8. बागपत लोकसभा सीट से उम्मीदवार
भाजपा- राजकुमार सांगवान
बसपा- प्रवीण बंसल
सपा-गठबंधन- अमरपाल शर्मा

E-Paper