दिल्ली: सुनसान सड़क पर महिला का गला घोंटने की कोशिश

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक व्यक्ति ने एक सुनसान सड़क पार कर रही महिला का कथित तौर पर गला घोंटने का प्रयास किया और उनका पर्स एवं मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि घटना छह जनवरी को सुबह करीब साढ़े छह बजे उत्तम नगर इलाके में एक सुनसान सड़क पर हुई।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त होने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि टीम ने इलाके की कई सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 38 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है, जो यहां चाणक्यपुरी इलाके का रहने वाला है। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।

वीडियो में आरोपी, महिला के पीछे से आता हुआ दिखाई दिया और उसने महिला का गला घोंटने का प्रयास किया। उसके बाद आरोपी ने महिला का पर्स व मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी पहले भी छह आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।

 

E-Paper