मध्य प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया…
June 10, 2023, 12:27 PM
मध्य प्रदेश में हवाओं का रुख पश्चिमी बना हुआ है। जिसके कारण कहीं बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हो रही है। शुक्रवार को राज्य का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। एक तरफ गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दूसरी ओर कई इलाको में बारिश के कारण तापमान में कमी भी आई। शुक्रवार को ग्वालियर, नरसिंहपुर, सागर और भोपाल पर बादल मेहरबान रहे। उधर बुंदेलखंड के लोगों का गर्मी ने बुरा हाल किया।
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद भोपाल, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी ने बताया कि प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट और सिवनी जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मानसून गतिविधियों में आएगी तेजी
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो शुक्रवार को दक्षिण पश्चिम मानसून कन्नूर, कोडाईकनाल आदिरामपट्टीनम में एंट्री कर चुका है। ऐसे में राज्य में प्री मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा आने वाले दो दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। 16 जून 2030 तक प्रदेश का मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद प्री मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं।