आप में बगावत की आग आैर भड़की, विरोधी गुट ने खैहरा को बनाया पंजाब प्रधान

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी में चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। सांसद भगवंत मान के विरोधी गुट ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के दिल्ली लौटते ही हाईकमान को खुली चुनौती दी है। सात विधायकों ने पूर्व नेता विपक्ष और विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को पार्टी की पंजाब इकाई का प्रधान घोषित कर दिया है। यह फैसला खैहरा धड़े की ओर से बनाई गई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की सोमवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में लिया गया।

अरविंद केजरीवाल के दिल्ली लौटते ही खैहरा गुट ने हाईकमान को दी सीधी चुनौती

गौरतलब है कि पंजाब में आप के प्रधान का पद खाली है। भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के बिक्रम मजीठिया से माफी मांगने के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, पार्टी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। यह भी चर्चा चल रही थी कि भगवंत मान की फिर से प्रधान पद पर ताजपोशी हो सकती है।

उपप्रधान डॉ. बलबीर सिंह ने कहा- खैहरा को प्रधान बनाना गलत, पार्टी ने नहीं की कोई नियुक्ति

इस बीच विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले खैहरा गुट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। आम आदमी पार्टी के सह प्रधान डॉ. बलबीर सिंह और विरोधी पक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि पार्टी की तरफ से अभी तक किसी को अधिकारिक तौर पर प्रधान नहीं चुना गया गया है। खैहरा को प्रधान बनाना गलत है।

गौरतलब है कि दिल्ली हाईकमान ने सुखपाल सिंह खैहरा को नेता विपक्ष के पद से हटा कर हरपाल सिंह चीमा को यह ओहदा सौंप दिया था। इसके बाद आप के कई विधायक खैहरा के हक में खड़े हो गए थे। खैहरा धड़े ने मीटिंग कर पीएसी का गठन किया था। अब कमेटी ने खैहरा प्रधान घोषित कर दिया है। इस नियुक्ति पर खैहरा ने कहा कि वह आने वाले समय में एक और कन्वेंशन करेंगे। इसमें वर्करों की मंजूरी मिलने पर ही यह ओहदा स्वीकार करेंगे। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से बातचीत के बारे में पीएसी ही फैसला करेगी।

स्टेट व जिला स्तर पर भी होंगी नियुक्तियां

खैहरा ने कहा कि पीएसी के फैसले के बाद स्टेट व जिला स्तर की नियुक्तियां भी की जाएंगी। वह विधानसभा सत्र में भी अपने तौर पर सरकार के खिलाफ डटे रहेंगे। सत्र में स्पीकर उन्हें जो भी कुर्सी देंगे वह वहीं बैठेंगे। उन्होंने मांग की है कि विधानसभा सत्र 15 दिन का होना चाहिए।

अरोड़ा ने की थी सुलह की पेशकश

खैहरा ने माना कि विधायक अमन अरोड़ा के साथ उनकी बैठक हुई थी। यह बिल्कुल निजी थी। अमन अरोड़ा ने सुलह की बात की थी।

सिद्धू करें तो गुनाह, मोदी करें तो कोई गुनाह नहीं

खैहरा ने नवजोत सिंह सिद्धू का बचाव करते हुए कहा कि यदि सिद्धू ने पाकिस्‍तान सेना प्रमुख को जफ्फी डाली तो गुनाह हो गया, अगर मोदी ऐसा करें तो कोई गुनाह नहीं। इस मौके पर विधायक कंवर संधू ने कहा कि केजरीवाल की पंडोरी में हुई बैठक के लिए उनको कोई न्योता नहीं मिला था।

नाजर सिंह मानशाहिया को हटा कर संधवां को बनाया चीफ व्हिप

नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने पार्टी के मानसा से विधायक नाजर सिंह मानशाहिया को विधानसभा में चीफ व्हिप के ओहदे से हटा कर उनकी जगह विधायक कुलतार सिंह संधवां को चीफ व्हिप नियुक्त कर दिया है। इसके अलावा विधायक पिरमल सिंह को भी व्हिप के ओहदे से हटा कर उनकी जगह पर अमरजीत सिंह संदोआ को व्हिप बनाया गया है। बठिंडा देहाती से विधायक रुपिंदर कौर रूबी व्हिप के ओहदे पर पहले की तरह ही बनी रहेंगी।

E-Paper