मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी ने भाजपा पर पार्टी तोड़ने और सरकार गिराने का लगाया आरोप

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी के. कविता ने भाजपा पर पार्टी तोड़ने और सरकार गिराने का आरोप लगाया है। सीएम की बेटी के. कविता ने शुक्रवार को दावा किया कि भाजपा ने उन्हें तेलंगाना में ‘शिंदे मॉडल’ का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन उन्होंने इसे खारिज कर दिया। तेलंगाना विधान परिषद की सदस्य कविता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा के साथियों ने प्रस्ताव के साथ उनसे संपर्क किया। बता दें कि ‘शिंदे मॉडल’ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र में शिवसेना पार्टी के अंदर फूट को लेकर जाना जाता है। पार्टी से अलग होने के बाद एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी बने।

तेलंगाना के लोग स्वयं के नेताओं के साथ नहीं करते विश्वासघात

मीडिया से बात करते हुए कविता ने कहा, ‘भाजपा के दोस्तों और मित्र संगठनों द्वारा मुझे पार्टी में शामिल होने के लिए प्रस्ताव लाया गया। प्रस्ताव को शिंदे मॉडल कहा जाता है। मैंने कहा कि तेलंगाना के लोग अपनी पार्टियों और अपने स्वयं के नेताओं के साथ विश्वासघात नहीं करते हैं। हम अपने दम पर नेता बनेंगे, पिछले दरवाजे से नहीं जाएंगे।’

हमने उनके प्रस्ताव को किया खारिज: कविता

साथ ही उन्होंने कहा कि हमने उनके प्रस्ताव को बहुत विनम्रता से खारिज कर दिया है। इसके बाद वे क्या करेंगे, यह एक अलग बात है। हम सार्वजनिक जीवन में हैं। हम हमेशा लोगों के बीच हैं और हम उनका सामना करेंगे।

भाजपा ने कविता के दावे को किया खारिज

हालांकि, भाजपा नेताओं ने केसीआर नेता के दावे को खारिज कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय ने कहा कि अगर केसीआर (के. चंद्रशेखर राव) भाजपा में शामिल होना भी चाहें तो पार्टी उन्हें स्वीकार नहीं करेगी। इसके साथ ही निजामाबाद से भाजपा सांसद डी. अरविंद ने एक ट्वीट कर कहा कि हम ऐसी पार्टी नहीं हैं जो शराब के कारोबार में शामिल है और इसलिए केसीआर के वंशजों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।
E-Paper