आज लखनऊ आएंगे अटल जी के 20 अस्थि कलश, प्रमुख नदियों में होगी विसर्जित

लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री तथा लखनऊ के सांसद रहे स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां आज चार बजे लखनऊ पहुंचेंगी। दिल्ली से 20 कलशों में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां विशेष विमान से लखनऊ लाई जाएंगी।आज लखनऊ आएंगे अटल जी के 20 अस्थि कलश, प्रमुख नदियों में होगी विसर्जित

अस्थि कलशों को सम्मानपूर्वक प्राप्त करने के लिए चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पर राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्री, भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। अस्थि कलश लेने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय व चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन दिल्ली जाएंगे।

एयरपोर्ट पर सम्मान के साथ सभी अस्थि कलशों को फूलों से सजे वाहन पर रखा जाएगा। राजधानी लखनऊ से अटल जी का करीब सात दशकों का रिश्ता रहा है। यहां के लोग भी अपने प्रिय नेता को याद कर सकें इसलिए अस्थि कलश के वाहन को शहर के विभिन्न हिस्सों में ले जाया जाएगा। इसके बाद अस्थि कलशों को भाजपा मुख्यालय लाया जाएगा। पूरे कार्यक्रम के प्रभारी महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल होंगे।

सोमवार को दिन में 10 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय से सजे-धजे वाहनों में इन अस्थि कलशों को प्रमुख नदियों (गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती, गोमती, मंदाकिनी और सोत) में प्रवाहित करने के लिए इलाहाबाद, इटावा, अयोध्या, कानपुर, जौनपुर, मीरजापुर, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, गोरखपुर, बदायूं, चित्रकूट के साथ गढ़मुक्तेश्वर आदि जगह पर भेजा जाएगा। हर कलश के साथ सरकार के एक मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। रास्ते में पडऩे वाले सभी जिलों में कलश को लोगों की श्रद्धांजलि देने के लिए रखा जाएगा। विसर्जन के समय स्थानीय जनता के साथ वहां के गणमान्य लोग और धर्मगुरु उपस्थित रहेंगे। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक इसके प्रभारी होंगे।

लखनऊ में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा 23 को

लखनऊ से अटल जी के खास रिश्तों के कारण 23 अगस्त को यहां झूलेलाल पार्क में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा होगी। इसमें बड़े धर्माचार्य और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे। दिल्ली से भी कुछ केंद्रीय मंत्री आ सकते हैं। इसी दिन यहां गोमती में अस्थि कलश का विसर्जन होगा। इस अवसर पर अटलजी के परिवारीजन, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर इस कार्यक्रम के प्रभारी होंगे। 25 अगस्त को जिलों में और 27 एवं 28 अगस्त को मंडल इकाइयों में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी। कार्यक्रमों का सफल बनाने के लिए सभी जिलों और क्षेत्रों के अध्यक्ष को निर्देश दिए जा चुके हैं। कल प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। 

E-Paper