मैं जितनी बार जेल गया, उतनी बार सरकार गिर गई : अन्ना हजारे

सतना, नईदुनिया। मैं मजबूत लोकपाल के लिए लड़ रहा था और मोदी सरकार ने भ्रष्ट लोगों को बचाने व सशक्त लोकपाल को कमजोर करने के लिए तीन दिन में बिल पास कर दिया था। 27 मार्च 2016 को लोकसभा से, 28 जुलाई 2016 को राज्य सभा से व 29 जुलाई 2016 को राष्ट्रपति से बिल पर साइन करा लिया था। यह बात समाजसेवी अन्ना हजारे ने बुधवार को मप्र के सतना जिले के रामलीला मैदान में आयोजित किसान मंच से जनता को संबोधित करते हुए कही।

अन्ना ने कहा कि दो माह से देश में किसानों की समस्या को लेकर सभा कर रहा हूं। मेरी वजह से अब तक छह कैबिनेट मंत्री, 400 भ्रष्ट अफसर घर बैठ गए हैं। जितनी बार मैं जेल गया, उतनी बार सरकारें गिर गई। महाराष्ट्र में दो बार, दिल्ली में एक बार सरकार गिर चुकी है।

किसी उद्योगपति ने नहीं की आत्महत्या

उन्होंने कहा कि लोकपाल को लेकर उन्होंने अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 24 पत्र लिखे हैं। एक भी पत्र का जवाब उन्होंने नहीं दिया है। 70 साल के इतिहास में किसी उद्योगपति ने आत्महत्या नहीं की है जबकि देश में अब तक 12 लाख किसानों ने आत्महत्या की है। हजारे इस दौरान 23 मार्च को दिल्ली के जंबूरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम की ब्रॉडिंग करते नजर आए। भाषण के दौरान तो कई बार उन्होंने लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील भी की।

 
E-Paper