राहुल गांधी ज्वार व धान का पौधा पहचान लें तो करेंगे सम्मान: भाजपा सांसद

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। इतना ही नहीं उनके प्रश्न का सही जवाब देने पर उन्होंने राहुल गांधी को सम्मानित करने की भी योजना बनाई है।

प्रदेश के भदोही से भारतीय जनता पार्टी के सांसद तथा भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त आज लखनऊ में थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान या खेती के बारे में जो लोग हर जगह पर आंदोलन की बातें करते हैं उनको खेती-किसानी का ककहरा तक नहीं पता है। यह लोग सिर्फ किताबों में खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी जगह-जगह की किसान, खेती तथा मजदूर की बातें करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी ज्वार, धान या फिर गेहूं का पौधा पहचान लें तो वह उनका बड़ा सम्मान करेंगे। सम्मान समारोह आयोजित करेंगे।

सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी की ऐसी पहली सरकार है जिसने हिंदुस्तान के बजट का 52 फीसदी किसानों की योजनाओं में दिया है। जो लोग एमपी और यूपी में किसानों के लिए आंदोलन कर रहे थे, हमने उन लोगों को संवाद के लिए बुलाया। उसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। शासन, प्रशासन और समाज मिलकर सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा सकते हैं।

प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने फिजूलखर्ची रोक कर किसानों का कर्जा माफ किया। केंद्र तथा प्रदेश की सरकार ने गन्ना किसानों के लिए जो काम किया। उसके लिए किसानों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले किसानों की सम्रद्धि के लिए काम हो रहा है। आज तक भेड़पालक किसानों के लिए किसी सरकार ने नहीं सोचा था, मगर मोदी सरकार ने उनकी समृद्धि की योजना बनाई। देश भर में कृषि-ऋषि परंपरा सम्मेलन हो रहा है।

प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने किसान समृधि आयोग बनाया है। यह यूपी का पहला आयोग है जो किसानों की समृधि के लिए बनाया गया है। इसके अध्यक्ष भी सीएम योगी आदित्यनाथ हैं। वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि अब तो देश की संसदीय राजनीति खेत खलिहान से होकर ही गुजरेगी। जगह-जगह पर कृषि-ऋषि परम्परा सम्मेलन होंगे। इस सम्मेलन के दौरान प्रदेश में छह लोग छह स्थान पर सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत करेंगे।

E-Paper