उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी चढ़ा पारा, इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

उत्तराखंड के ज्यादातर शहरों में तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। आलम यह है कि फरवरी में ही पहाड़ी शहरों का पारा चढ़ रहा है। मसूरी, नैनीताल और मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशन में भी पारा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के आसपास पहुंच गया है। हालांकि, कुछ जिलों में आंशिक बादलों के बीच हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में चटख धूप खिलने के कारण गर्मी का अहसास होने लगा है। मसूरी में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। यही आलम मुक्तेश्वर का है। जहां अधिकतम और न्यनूतम तापमान सामान्य से क्रमश: आठ और सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। 

इससे चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और बागेश्वर में ओलावृष्टि व बारिश हो सकती है। इसके अलावा कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इधर, दून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच-पांच डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गए हैं। मसूरी में भी न्यूनतम पारा सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर       अधि.      न्यून.

देहरादून     27.8     13.4

उत्तरकाशी   22.3     08.8

मसूरी       21.2     10.5

टिहरी       20.4     10.6

हरिद्वार      25.4   12.2    

जोशीमठ    20.1     08.4

पिथौरागढ़   23.9     07.3

अल्मोड़ा    25.2      07.8

मुक्तेश्वर    21.9     09.8  

नैनीताल     19.7     08.0

यूएसनगर    27.2    11.2

चम्पावत     18.8    04.5

E-Paper